दौसा: जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बेकाबू और तेज रफ्तार डंपर ने कहर बरपाते हुए दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। ब्रह्म बाद मोड़ (मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र) के पास हुए इस खौफनाक सड़क हादसे में एक महिला और व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
डंपर ने पीछे से मारी भीषण टक्कर
जानकारी के अनुसार, महवा की तरफ से मेहंदीपुर बालाजी की ओर जा रही दो बाइकों को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने रौंद दिया। एक बाइक पर दंपति अपने गांव लौट रहे थे, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीन दोस्त बालाजी के दर्शन के लिए निकले थे। डंपर की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगते ही दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उन पर सवार लोग सड़क पर दूर जा गिरे।
दो की मौत और तीन गंभीर घायल
इस भीषण दुर्घटना में गादरवाड़ा (कोलवा) निवासी उर्मिला सैनी (38) और रसीदपुर (महवा) निवासी रघुवीर वाल्मीकि (40) की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं हादसे में छोटेलाल सैनी, बंटी वाल्मीकि और डालू वाल्मीकि गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची मेहंदीपुर बालाजी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सिकराय उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद तीनों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
डंपर जब्त, हाईवे पर लगा जाम
पुलिस ने घटना के तुरंत बाद आरोपी डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है। हादसे के वक्त हो रही बारिश और मौके पर जुटी लोगों की भारी भीड़ के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारू करवाया। स्थानीय निवासियों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि डंपर बेहद खतरनाक गति में था। इस घटना से आक्रोशित क्षेत्रवासियों ने हाईवे पर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर बनाने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

More Stories
BJP की नई टीम में मन्नालाल रावत का बढ़ा कद, मिली ST मोर्चे की राष्ट्रीय कमान
बच्चों की सुरक्षा और निजता हमारी प्राथमिकता, स्कूल प्रवेश को लेकर मदन दिलावर ने साफ की स्थिति
भाजपा की नई टीम में राजस्थान को खास तवज्जो, वसुंधरा राजे-सतीश पूनिया को अहम जिम्मेदारी