जयपुर : प्रदेश की राजधानी जयपुर में लग्जरी मर्सिडीज सवार बदमाशों द्वारा एक युवक के अपहरण के प्रयास की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना सुबह अशोक नगर थाना अंतर्गत सेंट्रल पार्क क्षेत्र की है, जहां दो युवकों ने पीड़ित को जबरन गाड़ी में खींचने का प्रयास किया। असफलता मिलने पर आरोपी अपनी तेज रफ्तार कार में सवार होकर मौके से रफूचक्कर हो गए।
दिल्ली रोड पर बाइक को टक्कर मारकर भागे बदमाश, नाले में गिरी अनियंत्रित कार
अशोक नगर से फरार होने के बाद आरोपी तेज रफ्तार मर्सिडीज लेकर आमेर की ओर दिल्ली रोड पर पहुंचे। वहां उन्होंने एक मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद भी आरोपियों ने गाड़ी नहीं रोकी और रफ्तार बढ़ा दी। सुबह करीब 8 बजे पीली की तलाई कट के समीप कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे कच्चे नाले में जा घुसी। दुर्घटनाग्रस्त होते ही दोनों आरोपी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
तलाशी में कार से बरामद हुए फर्जी हथियार
हादसे की जानकारी मिलते ही आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने जब नाले में फंसी मर्सिडीज की सघन तलाशी ली, तो गाड़ी के अंदर से एक नकली पिस्टल और धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने वाहन और फर्जी हथियारों को जब्त कर लिया है।
सीसीटीवी कैमरों की मदद से पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस प्रशासन ने आरोपियों का सुराग लगाने के लिए आमेर रोड और सेंट्रल पार्क के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के आधार पर वाहन की गतिविधियों और दोनों संदिग्थों की पहचान स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़ित ने दर्ज कराई प्राथमिकी, जांच शुरू
उधर, पीड़ित युवक ने अशोक नगर थाने पहुंचकर किडनैपिंग की कोशिश की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस पीड़ित के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी युवक को किस नीयत और रंजिश के तहत अगवा करना चाहते थे।

More Stories
RCA चुनाव से पहले मतदाता सूची बनी विवाद की वजह, तीन जिला संघों को लेकर आपत्ति
आसमान में बारिश का अलर्ट, जमीन पर खिले कांस के फूल बोले- बदलने वाला है मौसम
मानसून की फिर होगी वापसी! दिल्ली में अगले 6 दिन बरसेंगे बादल, गिरेगा पारा