दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जिले के 2 लाख 20 हजार 410 मतदाता आज अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से ही वोटिंग जारी है। दतिया के लोगों को ढाई साल के भीतर ही दोबारा अपना विधायक चुनने का मौका मिला है। इस क्षेत्र में 1,16,116 पुरुष, 1,04,284 महिला और 10 अन्य मतदाता शामिल हैं।
वोटिंग को लेकर सुबह से ही लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। बरौदी (बूथ संख्या 219) में मतदान की रफ्तार काफी तेज है। वहीं, चिरूला केंद्र पर अब तक 19 प्रतिशत और सिनावल केंद्र पर 50 प्रतिशत तक वोटिंग हो चुकी है। पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल में मतदान चल रहा है।
आशुतोष तिवारी और घनश्याम सिंह के बीच मुख्य मुकाबला
इस उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से आशुतोष तिवारी और कांग्रेस से घनश्याम सिंह उम्मीदवार हैं। वहीं, आजाद समाज पार्टी (आसपा) से दामोदर यादव भी चुनावी मैदान में हैं। चुनाव के नतीजे 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे।
यह सीट पूर्व कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को बैंक धोखाधड़ी के एक मामले में कोर्ट द्वारा तीन साल की सजा सुनाए जाने के बाद खाली हुई थी। सदस्यता रद्द होने के कारण 2 अप्रैल को सीट रिक्त घोषित की गई थी, जिसके बाद निर्वाचन आयोग ने जुलाई में उपचुनाव की तारीखों का ऐलान किया।
चुनाव को लेकर प्रशासन की सख्त तैयारी
मतदान के दिन जिले में सामान्य अवकाश घोषित किया गया है ताकि सभी लोग वोट डाल सकें। एक दिन पहले ही कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े और पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल की देखरेख में पोलिंग टीमों को चुनाव सामग्री देकर रवाना कर दिया गया था।
क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और दो आदर्श मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं। बारिश, धूप और पानी की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए केंद्रों पर विशेष व्यवस्था की गई है। चुनाव को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए 48 घंटे पहले से ही शराब की दुकानें बंद करा दी गई हैं और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है।

More Stories
यात्रियों के लिए बड़ी खबर, अब मदन महल स्टेशन से रवाना होंगी तीन ट्रेनें
श्रावण की शुरुआत पर ओंकारेश्वर में हर-हर महादेव की गूंज, बारिश में भी भक्तों का उत्साह बरकरार
दतिया में मतदान के बीच सियासी बवाल, भाजपा निष्कासन पत्र वायरल होने से मचा हड़कंप