दुर्ग। दुर्ग की विशेष पॉक्सो अदालत ने 13 वर्षीय मानसिक रूप से दिव्यांग किशोरी के साथ कई बार दुष्कर्म करने के प्रकरण में आरोपी जीजा को 20 वर्ष के सश्रम कारावास का दंड सुनाया है। अपर सत्र न्यायाधीश और चतुर्थ एफटीएससी विशेष न्यायालय के पीठासीन अधिकारी अनिष दुबे की अदालत ने दोषी पर एक हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड अदा न करने पर दोषी को एक वर्ष का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा। इसके साथ ही न्यायालय ने शासन की पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना के अंतर्गत पीड़िता को 5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने का आदेश दिया है।
पड़ोस में रहने के दौरान की घटना
यह प्रकरण नेवई थाना क्षेत्र का है। रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र के ग्राम परसदा निवासी 30 वर्षीय तुकाराम निषाद उर्फ राजा निषाद दुर्ग में किराए के मकान में पीड़िता के घर के पास रहता था। आरोपी की संतान और पीड़िता साथ में खेलते थे, जिसके चलते नाबालिग का उसके घर आना-जाना बना रहता था। आरोपी ने 20 फरवरी से 18 अप्रैल के मध्य बालिका के साथ कई बार दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता की मां ने 23 अप्रैल को नेवई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने उसी दिन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था और वह 24 अप्रैल से न्यायिक अभिरक्षा में है।
अदालत ने साक्ष्यों के आधार पर माना दोषी
न्यायालय में पीड़िता की आयु प्रमाणित करने के लिए जन्म प्रमाण पत्र और विद्यालय के अभिलेख पेश किए गए। इनमें दर्ज जन्मतिथि के आधार पर अदालत ने माना कि घटना के समय बालिका की उम्र 13 वर्ष थी। मानसिक रूप से दिव्यांग पीड़िता ने विचारण के दौरान इशारों और सरल शब्दों में अपनी बात बताई। चिकित्सकीय परीक्षण में गंभीर चोट न पाए जाने के बावजूद न्यायालय ने कहा कि इससे पीड़िता का कथन असत्य साबित नहीं होता। विशेष कोर्ट ने आरोपी को पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(ट), 5(ठ) और धारा 6 के तहत दोषी ठहराया।

More Stories
एसबीआई के 93.60 लाख रुपये गबन मामले में पूर्व प्रबंधक गिरफ्तार, ईओडब्ल्यू-एसीबी कर रही पूछताछ
अस्पताल में गर्भस्थ शिशु की मौत के बाद प्रसूता की भी गई जान, डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप
शिक्षक भर्ती में चौंकाने वाला मामला, 100 में से 6 अंक पाने वाला अभ्यर्थी बना शिक्षक