बोकारो। झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति तर्लोक सिंह चौहान ने शनिवार को बोकारो में नवनिर्मित श्रम न्यायालय भवन और ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए पेपरलेस न्यायालय, तकनीकी सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर दिया।
मुख्य न्यायाधीश चौहान ने कहा कि डिजिटल युग में न्याय व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए तकनीक का अधिकतम उपयोग जरूरी है। अब अधिकांश न्यायिक गतिविधियां और रिकॉर्ड मोबाइल व कंप्यूटर पर एक क्लिक में उपलब्ध हो रहे हैं। ऐसे में अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों को इन सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिए।
‘न्याय देना ही सर्वोच्च लक्ष्य’
उन्होंने कहा कि न्याय देना और केस का निपटारा करना अलग-अलग बातें हैं। अधिवक्ता से लेकर न्यायाधीश तक सभी का एकमात्र लक्ष्य न्याय सुनिश्चित करना होना चाहिए, न कि केवल आंकड़ों पर ध्यान देना। उन्होंने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे बाहरी आलोचनाओं और चर्चाओं से प्रभावित न हों, बल्कि न्याय की मूल भावना को बनाए रखें।
पेपरलेस न्यायालय पर जोर
मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि न्यायालयों में सबसे अधिक कागज का उपयोग होता है। यदि दोनों ओर प्रिंट किया जाए तो इसका उपयोग आधा हो सकता है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक डिजिटल सुविधा अपनाना ही आधुनिक न्यायिक व्यवस्था को गति देगा।
पर्यावरण संरक्षण पर अपील
न्यायमूर्ति चौहान ने पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए कहा कि इस वर्ष हुई भारी बारिश और आपदाओं का बड़ा कारण अंधाधुंध पेड़ कटाई है। उन्होंने “एक व्यक्ति, एक पेड़” अभियान को व्यक्तिगत संकल्प बनाने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की।
अधिवक्ताओं की सराहना
उन्होंने बोकारो बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि वे जिले की न्यायिक प्रणाली को मजबूत बना रहे हैं। साथ ही जिलों के उपायुक्तों और न्यायिक तंत्र के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता बताई। इस अवसर पर न्यायमूर्ति चौहान ने स्वयं रक्तदान कर रक्तदान शिविर की शुरुआत भी की। कार्यक्रम में न्यायमूर्ति आनंदा सेन, न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार मिश्रा, उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, बार काउंसिल सदस्य एम.के. श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

More Stories
एकतरफा प्यार में खूनी वार! प्रेमिका को मौत के मुंह में छोड़ भागा आरोपी, एनकाउंटर के बाद दबोचा गया
CM योगी आदित्यनाथ ने दुग्धेश्वर नाथ महादेव के किए दर्शन, पूजा-अर्चना से की दिन की शुरुआत
ATM पर लोगों को बनाता था शिकार, कार्ड बदलकर खाते साफ करने वाला पकड़ा गया