November 26, 2026

बीजेपी का संविधान गौरव दिवस तो कांग्रेस का वोट बचाओ मार्च, रायपुर में आमने-सामने होंगे आयोजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज दो प्रमुख राजनीतिक आयोजन होने जा रहे हैं। एक ओर जहां भारतीय जनता पार्टी 'संविधान गौरव दिवस' का आयोजन करेगी, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस 'वोट बचाओ संविधान मार्च' निकालकर विरोध दर्ज कराएगी। भाजपा 26 नवंबर को अपराह्न तीन बजे रजबंधा मैदान स्थित शहीद स्मारक भवन में ‘संविधान गौरव दिवस’ समारोह आयोजित करने जा रही है।

समारोह में मुख्यमंत्री सहित कई दिग्गज नेता करेंगे शिरकत

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रमुख रूप से शामिल होंगे, जबकि इसकी अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव करेंगे। आयोजन में मुख्य वक्ता के रूप में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति डॉ. गौतम भादुड़ी और भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता व सांसद संतोष पाण्डेय अपने विचार रखेंगे। इसके अलावा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर के विधायकगण राजेश मूणत, सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा और मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे तथा भाजपा रायपुर शहर व ग्रामीण जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर और श्याम नारंग भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

प्रदेशभर में सामूहिक उद्देशिका वाचन और संविधान दिवस का आयोजन

छत्तीसगढ़ में 26 नवंबर 2026 को ‘संविधान दिवस’ के अवसर पर समूचे राज्य में विविध कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। इसके अंतर्गत प्रातः 11 बजे जिला, विकासखंड, तहसील और ग्राम स्तर पर सरकारी दफ्तरों, शिक्षण संस्थानों, नगरीय निकायों एवं अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों व संगठनों में भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया जाएगा। आम नागरिकों, छात्र-छात्राओं और युवाओं को माय गवर्नमेंट पोर्टल के जरिए ऑनलाइन उद्देशिका वाचन में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा और यह सुविधा 22 अनुसूचित भाषाओं तथा अंग्रेजी सहित कुल 23 भाषाओं में उपलब्ध कराई गई है।

युवाओं और विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी व रचनात्मक प्रतियोगिताएं

युवाओं और विद्यार्थियों को 26 नवंबर 2026 तक माय गवर्नमेंट पोर्टल पर संचालित संविधान प्रश्नोत्तरी में सहभागिता करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। विकसित भारत युवा संवाद के तहत जिला युवा अधिकारियों के माध्यम से अधिकाधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, वहीं विद्यालयों और महाविद्यालयों में निबंध लेखन, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, संगोष्ठी, परिचर्चा, पोस्टर और चित्रकला जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।