सिनेमा जगत में अभिनेत्री राम्या कृष्णन को 'बाहुबली' की 'राजमाता' शिवगामी के रूप में खास पहचान मिली है। इस दमदार किरदार ने उन्हें लोकप्रियता के नए शिखर पर पहुंचा दिया। हालांकि, 'राजमाता' बनने से बहुत पहले ही वे दक्षिण भारतीय सिनेमा से लेकर बॉलीवुड तक कई बड़ी फिल्मों में अपनी अभिनय क्षमता साबित कर चुकी थीं। हिंदी सिनेमा में उन्होंने अमिताभ बच्चन से लेकर शाहरुख खान जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ स्क्रीन साझा किया।
तमिल फिल्मों से की थी अभिनय करियर की शुरुआत
राम्या कृष्णन का जन्म 15 सितंबर 1970 को चेन्नई में हुआ था। उन्होंने महज 14 वर्ष की आयु में 1984 में आई तमिल फिल्म 'वेल्लई मनासु' से अपने अभिनय सफर का आगाज किया। 'बाहुबली' में जहां उनका बेहद गंभीर और रोबीला अंदाज देखने को मिला, वहीं अपने शुरुआती दौर की फिल्मों में वे मुख्य रूप से ग्लैमरस भूमिकाओं में नजर आई थीं। दशकों लंबे करियर के दौरान उनके किरदारों और शैली में निरंतर बदलाव आता रहा।
साउथ में सफलता के बाद हिंदी सिनेमा की ओर रुख
दक्षिण भारत में तमिल के अलावा तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं की फिल्मों में सफलता हासिल करने के बाद उन्होंने हिंदी सिनेमा का रुख किया। उनकी पहली मलयालम फिल्म 'नीरम पुलारुमबोल' (1986) और पहली तेलुगु फिल्म 'भलाए मिथरुलु' थी। दक्षिण में स्थापित होने के बावजूद बॉलीवुड के आकर्षण ने उन्हें हिंदी फिल्मों की ओर खींचा। वर्ष 1988 में आई फिल्म 'दयावान' से उन्होंने हिंदी सिनेमा में कदम रखा, जिसमें विनोद खन्ना और माधुरी दीक्षित मुख्य भूमिका में थे।
हिंदी फिल्मों में निभाए यादगार किरदार और चर्चित जोड़ियां
वर्ष 1993 में रिलीज हुई यश चोपड़ा की फिल्म 'परंपरा' से उन्होंने हिंदी फिल्मों में मुख्य अभिनेत्री के रूप में पहचान बनाई। इसके बाद वे 'खलनायक', 'चाहत', 'बनारसी बाबू' और 'बड़े मियां छोटे मियां' जैसी लोकप्रिय फिल्मों में नजर आईं। फिल्म 'खलनायक' में छोटी भूमिका होने के बावजूद उनके अभिनय को सराहा गया। 'चाहत' में उन्होंने शाहरुख खान के साथ काम किया, वहीं 1998 की सुपरहिट फिल्म 'बड़े मियां छोटे मियां' में अमिताभ बच्चन के साथ उनकी जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया। इसके अतिरिक्त 1997 की फिल्म 'शपथ' में वे जैकी श्रॉफ के साथ भी नजर आईं।
राजमाता शिवगामी का रोल और व्यक्तिगत जीवन
फिल्म 'बाहुबली' राम्या के करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुई। इस प्रतिष्ठित भूमिका के लिए पहले अभिनेत्री श्रीदेवी से संपर्क किया गया था, लेकिन बात न बनने पर निर्देशक एसएस राजामौली ने राम्या कृष्णन को इस किरदार के लिए चुना। अब तक 200 से अधिक फिल्मों में काम कर चुकीं राम्या ने 12 जून 2003 को तेलुगु फिल्म निर्देशक कृष्णा वामसी से विवाह किया। उनका एक बेटा ऋत्विक है। प्रसिद्ध तमिल अभिनेता और पूर्व राज्यसभा सांसद चो रामास्वामी उनके रिश्ते में मामा थे। आने वाले समय में वे अल्लू अर्जुन की आगामी फिल्म में एक महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगी।

More Stories
एमी अवॉर्ड्स में जीन स्मार्ट का ऐतिहासिक कमाल, मैथ्यू राइस बने कॉमेडी के बेस्ट एक्टर
कंगना रनौत ने राखी सावंत को दिया करारा जवाब, विवादित बयान पर एक्ट्रेस ने कही बड़ी बात
‘जय जय राम’ सुनकर क्या बोले यूजर्स? फिल्म के गाने पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं