बांदीकुई को करोड़ों की सौगात, डिप्टी CM बैरवा ने किए कई विकास कार्यों के ऐलान

बांदीकुई: राजस्थान के उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने शुक्रवार को अपने बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान लगभग 5 करोड़ 64 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने सिकंदरा-अलवर रोड पर करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए रोडवेज बस स्टैंड की आधारशिला रखी और बिवाई से खाटूश्यामजी के लिए नई रोडवेज बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

स्वास्थ्य सुविधाओं का हुआ विस्तार, आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी और कई उप स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण

क्षेत्र में चिकित्सा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से उप मुख्यमंत्री ने 30 लाख रुपये की लागत से बने आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी कोलाना के नवीन भवन का लोकार्पण किया। इसके अलावा टीकावाली ढाणी, नांगल झामरवाड़ा, सुधासनपाड़ा, चौबड़ीवाला, बगथल की कोठी के उप स्वास्थ्य केंद्रों और गुढ़लिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित बीपीएचयू लैब का उद्घाटन किया गया, साथ ही अन्य स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी संपन्न हुआ।

महाविद्यालय में अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब का उद्घाटन, युवाओं को रोजगार पर सरकार का जोर

दौरे के क्रम में स्वर्गीय राजेश पायलट राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में डीएमएफटी फंड से 15 लाख रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब का भी लोकार्पण किया गया। मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. बैरवा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा पेपर लीक माफिया पर सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।

विधायक भागचंद सैनी के नेतृत्व में निकली विशाल तिरंगा रैली, उमड़ी भारी भीड़

मुख्य कार्यक्रम से पहले स्थानीय विधायक भागचंद सैनी के नेतृत्व में बांदीकुई में एक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई, जिसमें 1000 मीटर लंबा तिरंगा मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी ऋतुराज शर्मा, रोडवेज प्रबंधक शक्ति सिंह सहित तमाम अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।