औरंगाबाद। बिहार में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरजिला हथियार तस्करी गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से भारी मात्रा में हथियार, कारतूस, बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तस्कर कई जिलों में अवैध हथियारों की सप्लाई करने का काम करते थे। उनकी गिरफ्तारी से हथियार तस्करी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उपहारा थाना क्षेत्र के झाड़ी गांव निवासी रोहित कुमार उर्फ बिल्लू सिंह उर्फ बिल्टा, हसपुरा थाना क्षेत्र के टनकुप्पी गांव निवासी गणेश कुमार उर्फ विक्रम, गोह थाना क्षेत्र के प्राणपुर निवासी मो. सोहेल उर्फ बलिस्टर आलम उर्फ बली तथा इश्तेखार आलम के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर और भोजपुर समेत कई जिलों में अवैध हथियारों की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर 19 जून को गोह थाना पुलिस के सहयोग से विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने गोह-रफीगंज मुख्य मार्ग पर डिहुरी बाजार के समीप घेराबंदी कर तीन बाइक पर सवार चार संदिग्ध युवकों को रोका। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से तीन लोडेड पिस्टल, दो देशी कार्बाइन, दो कट्टा, एक खराब कट्टा, 159 जिंदा कारतूस, सात मैगजीन, तीन बाइक, चार मोबाइल फोन और दो खोखा बरामद किए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपियों ने अवैध हथियारों की तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर गोह थाना क्षेत्र के प्राणपुर गांव में छापेमारी की गई, जहां से अतिरिक्त हथियार और कारतूस बरामद किए गए। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह लंबे समय से हथियारों की खरीद-बिक्री में सक्रिय था और कई जिलों में इसका नेटवर्क फैला हुआ था। एसटीएफ डीआईजी संजय कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। उनकी निशानदेही पर आगे की कार्रवाई जारी है। सभी आरोपियों को गोह थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जहां उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की खेप कहां से लाई जा रही थी और किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

More Stories
आरएएस ट्रांसफर सूची: जयपुर में 48 अफसरों को मिली पोस्टिंग, चंपालाल जयपुर आरटीओ बने
बिहार में दूध उत्पादन ने बनाई नई ऊंचाई, एक साल में 4 लाख लीटर प्रतिदिन की बढ़ोतरी
70 किमी की रफ्तार से चलेगी आंधी 26 राज्यों में बारिश का अलर्ट