September 22, 2026

होटल में संदिग्ध गतिविधियों का आरोप, पुलिस ने बोगस ग्राहक भेजकर की जांच

हिसार|  अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने जींद के मॉडल टाउन स्थित शीशमहल वाली गली में संचालित होटल राज तथा होटल 999 पर औचक रेड की। सोमवार रात्रि हुई इस छापामारी के दौरान होटल राज से 9 युवतियां व 8 युवक तथा होटल 999 से 13 युवतियां व 11 युवक संदिग्ध अवस्था में मिले। पुलिस टीम द्वारा सभी की प्राथमिक पूछताछ एवं आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत उन्हें हिदायत देकर जाने दिया गया।

डीएसपी महिला सुरक्षा प्रिया शर्मा की देखरेख में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने होटल की आड़ में अनैतिक व्यापार चलाने के आरोप में होटल 999 के प्रबंधक कुलदीप (निवासी गांव कोथ कलां, जिला हांसी) तथा होटल राज के प्रबंधक अंकुश (निवासी कैथल) को गिरफ्तार कर लिया है।

बनाया गया बोगस ग्राहक

डीएसपी प्रिया शर्मा ने जानकारी दी कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस दल ने दबिश देने से पूर्व एक बोगस ग्राहक तैयार कर होटल भेजा। संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने होटल 999 में रेड की। मौके से होटल प्रबंधक कुलदीप को हिरासत में लिया गया। कमरा नंबर 205 में फर्जी ग्राहक के साथ एक महिला उपस्थित मिली। महिला की सामग्री की जांच करने पर आपत्तिजनक वस्तुएं प्राप्त हुईं, जिन्हें पुलिस ने सीज कर लिया।

दूसरे होटल राज में भी मिली महिला

इसी क्रम में बोगस ग्राहक का इशारा मिलते ही पुलिस दल ने होटल राज पर भी छापा मारा। मौके से प्रबंधक अंकुश को दबोचा गया। कमरा नंबर 112 में फर्जी ग्राहक के साथ महिला उपस्थित पाई गई। पुलिस ने दोनों होटलों से मिले कुल 1,000 रुपये नकद और आपत्तिजनक सामग्री को साक्ष्य के रूप में सील कर कब्जे में ले लिया है।

पैसों के लालच में कराया जा रहा था अवैध कार्य

डीएसपी प्रिया शर्मा ने बताया कि पुलिस जांच में यह तथ्य उजागर हुआ है कि दोनों होटल प्रबंधकों द्वारा आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से महिलाओं को बुलाकर अनैतिक गतिविधियां संचालित कराई जा रही थीं। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच जारी है।