September 13, 2026

दिल्ली में एयर इंडिया के पायलट की होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कमरे में मिला शव

नई दिल्ली।   दिल्ली में एक एयर इंडिया के पायलट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मुंबई निवासी पायलट को दिल्ली में ठहरे हुए थे, जहां वसंत कुंज स्थित एक होटल के कमरे में उन्हें बेहोशी की हालत में पाया गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक पायलट की उम्र 40 वर्ष के आसपास थी। वह हाल ही में एयर इंडिया एक्सप्रेस से एयर इंडिया में शामिल हुए थे। दिल्ली में ठहरने के दौरान वह वसंत कुंज स्थित होटल द ग्रैन में रुके हुए थे। शुक्रवार को उन्हें उनके कमरे में अचेत अवस्था में पाया गया, जिसके बाद तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
पायलट की अचानक मौत की खबर सामने आने के बाद विमानन क्षेत्र में भी चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि मृतक पायलट मुंबई में तैनात थे और दिल्ली में लेओवर के दौरान होटल में ठहरे थे। एयरलाइन में हाल ही में उनके स्थानांतरण के बाद वह नई जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
घटना ऐसे समय में सामने आई है जब विमानन क्षेत्र में पायलटों के स्वास्थ्य और काम के दबाव को लेकर लगातार चर्चा होती रही है। हालांकि, इस मामले में अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि मौत का संबंध किसी स्वास्थ्य समस्या या अन्य कारण से था।