उज्जैन: साउथ और बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री तमन्ना भाटिया मंगलवार की अलसुबह धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचीं। बाबा महाकाल के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उन्होंने विश्व प्रसिद्ध भस्म आरती में हिस्सा लिया। तड़के 3 बजे जब मंदिर के द्वार खुले, तब तमन्ना नंदी हॉल में मौजूद थीं। माथे पर चंदन लगाए और सादगी भरे अंदाज में वह करीब दो घंटे तक चली इस दिव्य आरती के दौरान पूरी तरह भक्ति में डूबी नजर आईं। उनके चेहरे पर महाकाल के प्रति असीम शांति और श्रद्धा भाव साफ दिखाई दे रहा था।
नंदी के कान में मांगी मनोकामना और किया पूजन
भस्म आरती संपन्न होने के बाद तमन्ना भाटिया ने पूरे विधि-विधान के साथ नंदी जी का पूजन और अभिषेक किया। हिंदू मान्यताओं का पालन करते हुए उन्होंने नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी कही। इसके बाद उन्होंने चांदी द्वार से पुजारी के माध्यम से बाबा महाकाल को जल अर्पित करवाया और महादेव का आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में जैसे ही अन्य श्रद्धालुओं को अभिनेत्री की मौजूदगी का पता चला, वहां काफी भीड़ जमा हो गई, जिसे देखते हुए सुरक्षाकर्मियों को विशेष इंतजाम करने पड़े।
महाकाल के बुलावे पर ही आना संभव: तमन्ना
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए तमन्ना ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल के दरबार में भक्त तभी आ पाता है जब उसे भगवान का बुलावा आता है। उन्होंने बताया कि भस्म आरती का अनुभव इतना अद्भुत था कि उसे शब्दों में बयां करना नामुमकिन है। आरती के दौरान जो सकारात्मक ऊर्जा उन्हें महसूस हुई, वह उनके लिए अविस्मरणीय है। अभिनेत्री ने यह भी कहा कि सैकड़ों लोगों का एक साथ बैठकर श्रद्धा के साथ आरती देखना एक ऐसा दृश्य है जो दुनिया में और कहीं देखने को नहीं मिलता।

More Stories
नाम बदलने का प्रस्ताव पास, बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी का नया अध्याय
सड़क पर मौत का तांडव, राख का ढेर बनी विधायक की गाड़ी: बाल-बाल बचे योगेंद्र सिंह बाबा
रोजी-रोटी कमाने गए शख्स की अंतरराष्ट्रीय हमले में मौत: कुवैत एयरपोर्ट ब्लास्ट से उज्जैन में पसरा मातम