झालावाड़/कोटा। झालावाड़ जिले के घाटोली थाने में पदस्थापित एक पुलिस कांस्टेबल के मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त होने और इसके सौदे की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। झालावाड़ पुलिस से मिली सटीक सूचना के आधार पर कोटा शहर पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल मनोज मालव को विज्ञान नगर क्षेत्र से हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 14 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं।
डीएसटी प्रभारी की सूचना पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, झालावाड़ जिला विशेष टीम (DST) के प्रभारी विष्णु सिंह को कांस्टेबल मनोज मालव की तस्करी में संलिप्तता और उससे जुड़े वित्तीय सौदे की गोपनीय सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जब कांस्टेबल की लोकेशन ट्रेस की गई, तो वह कोटा में पाई गई। इसके बाद झालावाड़ डीएसटी प्रभारी ने तुरंत कोटा शहर पुलिस के साथ इनपुट साझा किए, जिसके आधार पर विज्ञान नगर इलाके में नाकाबंदी कर आरोपी को डिटेन किया गया।
14 लाख नकद और तकनीकी साक्ष्य बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस को भारी नकदी के अलावा कुछ महत्वपूर्ण संदिग्ध तकनीकी साक्ष्य भी मिले हैं। पुलिस इन साक्ष्यों और नकदी को इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए बेहद अहम मान रही है। तस्करी के सौदे से जुड़े इस पूरे तंत्र और अन्य संदिग्ध गतिविधियों को लेकर विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज, कांस्टेबल गिरफ्तार
बरामदगी और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर कोटा सिटी पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 30 के तहत मामला दर्ज कर कांस्टेबल मनोज मालव को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है। खाकी वर्दीधारी के तस्करी में शामिल होने के इस बड़े खुलासे के बाद पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है, और पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन से लोग शामिल हैं।

More Stories
वाहनों की सुरक्षा जांच को तकनीकी रूप से सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम – देवनानी
जनकल्याण और सुशासन ही डबल इंजन सरकार का एकमात्र ध्येय – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
दिल्ली एयरपोर्ट पर अभिजीत दीपके का हुआ विरोध