August 12, 2026

कूलर का तार लगाते समय हुआ हादसा या हत्या? मजदूर की मौत के बाद परिजनों ने उठाए सवाल

गोरखपुर: जिले के झंगहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम सभा जंगल गौरी नंबर दो उर्फ अमहिया के निवासी 40 वर्षीय पन्नेलाल पुत्र छांगुर की बिजली का करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हालांकि, इस घटना को लेकर हादसा और हत्या के बीच पेंच फंस गया है, क्योंकि मृतक के परिजनों और काम के सिलसिले में जुड़े लोगों के बयानों में काफी विरोधाभास सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, पन्नेलाल पिछले करीब दो वर्षों से ग्राम सभा गहिरा के एक परिवार के यहां रहकर मजदूरी का काम कर रहा था।

कुलर का तार लगाते समय हादसे का दावा

परिजनों को मंगलवार की रात लगभग 9:30 बजे सूचना मिली कि पन्नेलाल की बिजली की चपेट में आने से जान चली गई है। जिस घर में वह मजदूरी करता था, वहां के लोगों का कहना है कि कूलर का बिजली का तार लगाते वक्त अचानक करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आकर पन्नेलाल गंभीर रूप से घायल हो गया था।

घटना के तुरंत बाद आनन-फानन में उसे खोराबार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर, मृतक की दादी बेली देवी ने स्थानीय पुलिस को लिखित तहरीर देकर दिनेश यादव नामक व्यक्ति पर हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पन्नेलाल की शादी करीब 14 साल पहले हुई थी, लेकिन किन्हीं कारणों से पत्नी उनके साथ नहीं रहती थी और पिछले पांच वर्षों से दोनों अलग-अलग जीवन व्यतीत कर रहे थे।

इस पूरे मामले पर झंगहा थानाप्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि युवक की मौत की पुष्टि हो गई है, लेकिन यह दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य साजिश, इसकी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असल कारणों का खुलासा हो जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।