उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन के रेलवे स्टेशन पर सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (CBN) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। टीम ने शिप्रा एक्सप्रेस ट्रेन से पश्चिम बंगाल ले जाई जा रही लगभग 1.5 करोड़ रुपये मूल्य की हाई-क्वालिटी हेरोइन बरामद की है। इस मामले में एक तस्कर को भी रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
मध्यरात्रि में रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी
नारकोटिक्स विभाग को खुफिया जानकारी मिली थी कि इंदौर से हावड़ा जाने वाली ट्रेन नंबर 22911 (शिप्रा एक्सप्रेस) के जरिए बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे सीबीएन के अधिकारियों ने उज्जैन रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के साथ मिलकर स्टेशन पर जाल बिछाया। ट्रेन के आते ही उसके जनरल कोच में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जहां एक संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की गई।
बैग से बरामद हुए हेरोइन के पैकेट
जब सुरक्षा बलों ने संदिग्ध युवक के बैग की बारीकी से तलाशी ली, तो उसके भीतर बड़ी ही चालाकी से छिपाकर रखे गए दो पैकेट बरामद हुए। पैकेट खोलने पर उसमें से 1.067 किलोग्राम हेरोइन निकली। जब्त किए गए इस मादक पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार किया गया आरोपी राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले का रहने वाला है।
राजस्थान से पश्चिम बंगाल जा रही थी खेप
शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि हेरोइन की इस खेप को राजस्थान के प्रतापगढ़ से लाकर पश्चिम बंगाल के हावड़ा पहुंचाया जाना था। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। फिलहाल, अधिकारी इस बात की गहराई से जांच कर रहे हैं कि इस ड्रग तस्करी नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और इसकी मुख्य सप्लाई चेन का सरगना कौन है।

More Stories
Mhow में नर्मदा जल आपूर्ति पाइपलाइन फटने से अफरा-तफरी
एनएसयूआई ने बरकतउल्ला विश्वविद्यालय का नाम बदलने पर जताया विरोध
जबलपुर में बमबाजी से सनसनी, आरोपी की करतूत CCTV में कैद