November 19, 2026

300 साल का सफर, इतिहास और आधुनिकता के संग नया जयपुर

जयपुर। महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय के स्वपनों और वास्तुकार विद्याधर भट्टाचार्य के सुविचारित नगर नियोजन से आकार लेने वाला जयपुर शहर आज अपनी स्थापना के 300वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। बीते तीन शताब्दियों के लंबे सफर में इस ऐतिहासिक नगर ने राजशाही से लेकर लोकतांत्रिक शासन प्रणाली तक कई महत्वपूर्ण दौर देखे हैं। वर्ष 1727 में नौ चौकड़ियों के विन्यास के साथ स्थापित इस शहर ने 1949 में वृहत्तर राजस्थान के गठन के साथ राज्य की राजधानी बनने का गौरव प्राप्त किया। अपनी चौड़ी सड़कों, चौपड़ों, ऐतिहासिक इमारतों और अनूठी वास्तुकला के बल पर यह नगर आज देश के प्रमुख महानगरों में शुमार है।

विकास के प्रमुख ऐतिहासिक और मील के पत्थर

जयपुर के इतिहास में कई ऐसे पड़ाव दर्ज हैं जिन्होंने इसकी पहचान को वैश्विक स्तर पर सुदृढ़ किया है। वर्ष 1734 में जंतर-मंतर का निर्माण पूरा हुआ, जो खगोल विज्ञान का प्रमुख केंद्र बना, और 1799 में हवा महल का निर्माण हुआ जो आज भी शहर की स्थापत्य कला का प्रतीक है। वर्ष 1876 में प्रिंस ऑफ वेल्स के स्वागत के दौरान महाराजा सवाई रामसिंह द्वितीय के शासनकाल में शहर को गुलाबी रंग से रंगा गया, जिससे इसे 'पिंक सिटी' की विशिष्ट पहचान मिली। समय के साथ सांस्कृतिक और प्रशासनिक विस्तार के क्रम में 1887 में अल्बर्ट हॉल संग्रहालय आमजन के लिए खुला, 1982 में जयपुर विकास प्राधिकरण की स्थापना हुई और 2001 में लालकोठी क्षेत्र में भव्य विधानसभा भवन का निर्माण किया गया।

आधुनिकता और वैश्विक पटल पर पहचान

इक्यावींसवीं सदी में जयपुर ने आधुनिकता की दिशा में तीव्र गति से कदम बढ़ाए हैं। वर्ष 2015 में शहर में मेट्रो रेल सेवा की शुरुआत हुई और इसी वर्ष इसे यूनेस्को के रचनात्मक नगर नेटवर्क में शिल्प एवं लोककला श्रेणी में स्थान मिला। वर्ष 2016 में यह स्मार्ट सिटी मिशन का हिस्सा बना, और 2019 में इसे यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कर लिया गया। इसके अतिरिक्त 2020 में जवाहर सर्कल के पास निर्मित पत्रिका गेट और सवाई मानसिंह अस्पताल परिसर में बन रहा 125 मीटर ऊंचा आईपीडी टावर इसकी आधुनिक विकास गाथा के नए मील के पत्थर साबित हो रहे हैं।

विरासत और भविष्य की कार्ययोजना

अपनी स्थापना के तीन सौ वर्ष पूरे होने पर जयपुर के सामने ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और आधुनिक नागरिक सुविधाओं के बीच सामंजस्य स्थापित करने की बड़ी जिम्मेदारी है। 'राजस्थान पत्रिका' द्वारा इस ऐतिहासिक अवसर पर जयपुर की अनकही कहानियों, विकास यात्रा और 300 विशिष्ट व्यक्तित्वों के योगदान को सामने लाने के लिए विशेष अभियानों की रूपरेखा तैयार की गई है। पॉडकास्ट, डिजिटल सहभागिता, प्रदर्शनियों और विशेष आयोजनों के जरिए शहर की इस गौरवगाथा को भावी पीढ़ियों के लिए सहेजने का अनूठा प्रयास किया जा रहा है।