नई दिल्ली
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने अमेठी में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान बदलने की साजिश कर रही है। संविधान जनता की प्रगति की नींव है, इंडिया गठबंधन इसे बदलने नहीं देगा और भाजपा को कभी सफल नहीं होने देगा। साथ ही अखिलेश यादव ने अमेठी लोकसभा सीट से प्रत्याशी के लिए वोट की अपील की।
अखिलेश ने लगाए भाजपा पर यह आरोप
भाजपा पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि ''भाजपा के लोगों ने सेना में अग्निवीर लागू किया है। अगर फिर से सत्ता में आ गए तो पुलिस की नौकरी में भी अग्निवीर योजना लागू हो जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की है कि जब वोट करने जाना तो बेरोजगारी व महंगाई को ध्यान रखना। अखिलेश ने कहा कि भाजपा संविधान बदलने की साजिश कर रही है। इंडिया गठबंधन इसे कभी सफल नहीं होने देगा। अमेठी में सिलेंडर वाले लोग अब सरेंडर कर रहे हैं। 13 रुपये किलो की चीनी का ख्वाब दिखाया। मीठी चीनी के लिए कड़वा झूठ बोला गया था। एक और एक मिलकर 11 हो रहे हैं, इससे भारतीय जनता पार्टी वाले नौ दो ग्यारह हो रहे हैं।''
बीजेपी का रथ फंस गया है और धंस गया हैंः अखिलेश
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि उनकी हर बात झूठी निकली। किसानों को दिल्ली तक में प्रदर्शन करना पड़ा। अपनी फसल की कीमतों के लिए। किसानों को तकलीफ पहुंचाने के लिए इन्होंने सड़कों को बंद कर दिया था, सड़कों पर कीलें लगवा दी थी। गाड़ियों को डीजल पेट्रोल नहीं भरने देते थे लेकिन, किसानों ने परवाह नहीं किया। अखिलेश ने कहा कि भाजपा वालों ने महंगाई बढ़ाई है, बेरोजगारी और गरीबी बढ़ाई है। युवाओं को नौकरी न देना पड़े, इसके लिए भाजपा ने पेपरलीक करा दिया। भाजपा चारों खाने चित्त हो गई हैं। इनका रथ फंस गया है और धंस गया हैं। अब निकलने वाला नहीं है।

More Stories
57% उपभोक्ताओं को देरी और काला बाजारी का सामना करना पड़ा
दिल्ली के साध नगर में भीषण आग से इलाके में मची अफरा-तफरी
श्री हरमंदिर साहिब परिसर में कंकाल का वीडियो वायरल