November 27, 2026

भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट के पहले दिन किसका रहा दबदबा? ब्लंडेल और फिलिप्स क्रीज पर जमे

भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मुकाबले के पहले दिन का खेल खत्म हो गया है। भारतीय टीम के लिए शुरुआती दिन संतुलित रहा। पहले और तीसरे सत्र में जहां न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों को चुनौती दी, वहीं दूसरे सत्र में भारत का पलड़ा भारी नजर आया। दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड ने पहली पारी में पांच विकेट खोकर 246 रन जुटा लिए हैं। स्टंप्स के वक्त टॉम ब्लंडेल 53 और ग्लेन फिलिप्स 36 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए थे। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 62 रन की नाबाद साझेदारी हो चुकी है।

प्लेइंग-11 में हुए कितने बदलाव?

इससे पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। भारतीय एकादश में प्रसिद्ध कृष्णा के स्थान पर गुरनूर बराड़ को मौका दिया गया, जिन्हें बुमराह ने टेस्ट डेब्यू कैप प्रदान की। गुरनूर ने इस चयन को सही साबित करते हुए न्यूजीलैंड को पहला झटका दिया। उन्होंने डेवोन कॉनवे को एलबीडब्ल्यू आउट किया। आउट होने से पहले कॉनवे ने कप्तान टॉम लाथम के साथ 77 रन की शुरुआती साझेदारी की। कॉनवे 79 गेंदों में चार चौकों की मदद से 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे। न्यूजीलैंड ने सधी शुरुआत की थी, लेकिन अपने करियर का पहला टेस्ट खेल रहे गुरनूर ने भारत को पहली कामयाबी दिलाई।

दूसरे सत्र में भारतीय गेंदबाजों का दिखा दम

भोजन अवकाश के बाद भारतीय गेंदबाज पूरी तरह न्यूजीलैंड पर हावी दिखे। न्यूजीलैंड ने दूसरे सत्र में तीन विकेट गंवाए। भारतीय गेंदबाजी आक्रमण ने महज 13 मिनट के भीतर तीन विकेट चटकाकर न्यूजीलैंड को दबाव में ला दिया। न्यूजीलैंड को लगातार तीन ओवरों में तीन झटके लगे और ये तीनों विकेट 110 के स्कोर पर गिरे। मेजबान टीम को 110 के स्कोर पर दूसरा झटका कप्तान टॉम लाथम के रूप में मिला। लाथम को दिन के पहले ही ओवर में एलबीडब्ल्यू के फैसले को रिव्यू कर अपना विकेट बचाने में कामयाबी मिली थी। इसके बाद उन्हें एक और जीवनदान तब मिला, जब दूसरी स्लिप में खड़े केएल राहुल ने उनका अपेक्षाकृत आसान कैच टपका दिया। इसका लाभ उठाते हुए लाथम ने टेस्ट करियर का 32वां अर्धशतक पूरा किया। वह 128 गेंदों में छह चौकों की सहायता से 59 रन बनाकर 42वें ओवर में आकाश दीप की गेंद पर आउट हुए।

इसके तुरंत बाद 43वें ओवर में अंशुल कंबोज ने हेनरी निकोल्स को चलता किया, जो 16 रन ही बना सके। फिर 44वें ओवर में एक बार फिर आकाश दीप ने सफलता हासिल की और रचिन रवींद्र को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। इस तरह न्यूजीलैंड ने चायकाल तक चार विकेट गंवा दिए थे। तीसरे सत्र में डेरिल मिचेल को वॉशिंगटन सुंदर ने ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया। मिचेल 31 रन बना पाए। मिचेल ने ब्लंडेल के साथ पांचवें विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी की। मिचेल के आउट होने के बाद फिलिप्स और ब्लंडेल ने समझदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए कोई और नुकसान नहीं होने दिया।

दो बल्लेबाजों ने जड़े अर्धशतक

न्यूजीलैंड के लिए पहले दिन दो बल्लेबाजों ने पचासा लगाया। लाथम के बाद ब्लंडेल ने टेस्ट करियर का 13वां अर्धशतक जमाया। क्राइस्टचर्च टेस्ट में न्यूजीलैंड के तीन खिलाड़ियों ने विशेष मुकाम हासिल किए। टॉम ब्लंडेल अपना 50वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं, वहीं कप्तान टॉम लाथम ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 300 मुकाबले पूरे कर लिए हैं। डेवोन कॉनवे के लिए भी यह मुकाबला खास है क्योंकि वह अपना 150वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे हैं। दिन का खेल खत्म होने के बाद कहा जा सकता है कि दोनों टीमों के लिए यह दिन ठीक रहा। पिच का व्यवहार उसकी बनावट से थोड़ा अलग रहा। तेज गेंदबाजों को कुछ मदद जरूर मिली, लेकिन बल्लेबाजों के लिए हालात इतने कठिन नहीं थे कि टिकना नामुमकिन हो जाए। संयम और समझदारी से खेलकर इस चुनौती से पार पाया जा सकता था। अब दूसरे दिन जहां न्यूजीलैंड की निगाहें बड़ा स्कोर खड़ा करने पर होंगी, वहीं भारतीय गेंदबाज जल्द ही कीवी टीम की पहली पारी समेटना चाहेंगे। भारत के लिए अब तक आकाश दीप को दो विकेट मिले हैं, जबकि अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़ और वॉशिंगटन सुंदर ने एक-एक विकेट चटकाया है।