November 23, 2026

प्रदेश के समग्र विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और जनकल्याण के लिए 7 हजार करोड़ रूपये से अधिक की स्वीकृति

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक सम्पन्न हुई। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि मंत्रि-परिषद ने प्रदेश के समग्र विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और जनकल्याण के लिए 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृति दी है।

दुग्ध उत्पादन और देशी गौवंश को बढ़ावा मंत्रि-परिषद ने पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अंतर्गत 'गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना' के क्रियान्वयन का अनुसमर्थन किया है। मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना के नौ घटकों में से एक घटक को विलोपित कर उसके स्थान पर यह नवीन योजना लागू की गई है। मुख्यमंत्री द्वारा 3 अक्टूबर 2026 को की गई घोषणा के परिपालन में विभाग द्वारा 26 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश का अनुसमर्थन किया गया।

इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के दुग्ध उत्पादन को दोगुना से अधिक कर मध्यप्रदेश को देश की 'मिल्क कैपिटल' बनाना, गोपालकों की आय में वृद्धि करना और गिर, साहीवाल, थारपारकर एवं मालवी जैसी उन्नत देशी दुधारू गौवंशीय नस्लों का संरक्षण एवं संवर्धन करना है। प्रथम वर्ष 2026-27 में प्रदेश की 208 ग्रामीण विधानसभाओं के एक-एक चिन्हित 'वृंदावन ग्राम' में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वित्तीय वर्ष 2027-28 से 2030-31 तक यह प्रतियोगिता सभी 313 विकासखण्डों में विकासखण्ड स्तर पर होगी।

प्रतियोगिता में ग्राम के सभी वर्गों के ऐसे गौपालक पात्र होंगे, जिनके पास भारतीय उन्नत देशी नस्ल की दुधारू गाय है और जिसका प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन 6 लीटर या उससे अधिक है। गायों के तीन समय के दुग्ध उत्पादन के औसत के आधार पर पारदर्शी प्रक्रिया से विजेताओं का चयन विकासखण्ड एवं जिला स्तरीय समितियों द्वारा किया जाएगा तथा प्रतिवर्ष गोवर्धन पूजा दिवस पर पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक गाय पालने वाले गौपालक को प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार राशि का शत-प्रतिशत उपयोग देशी गौवंश के क्रय, संरक्षण और संवर्धन में ही किया जाएगा।

सहकारी बैंकों को 325 करोड़ की सहायता, समितियों के चुनाव एक साल आगे बढ़े मंत्रि-परिषद ने प्रदेश के 9 कमजोर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंकों की वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए अंशपूंजी सहायता के रूप में 325 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इसके तहत रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के 5 जिला सहकारी केन्द्रीय बैंकों को वित्तीय वर्ष 2026-27 में 25-25 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के 4 जिला बैंकों को वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में 50-50 करोड़ रुपये की अंशपूंजी सहायता दी जाएगी।

इसके साथ ही मंत्रि-परिषद ने प्रदेश की बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के ड्यू हो चुके निर्वाचन की अवधि को एक वर्ष तक आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। वर्तमान में प्रदेश की अनकवर्ड ग्राम पंचायतों में इन समितियों के पुनर्गठन की कार्यवाही चल रही है और सभी नवगठित समितियों में कार्य संचालन शुरू नहीं हो पाया है। कार्य संचालन प्रारंभ किए बिना चुनाव कराने से भविष्य में वैधानिक और परिचालनात्मक कठिनाइयां उत्पन्न हो सकती थीं। इसके साथ ही विपणन समितियों और जिला सहकारी बैंकों आदि के निर्वाचन की अवधि को भी आवश्यकतानुसार आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है, ताकि इन चुनावों में समितियों के निर्वाचित प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। आगामी कार्यवाही के लिए सहकारिता विभाग को अधिकृत किया गया है।

46 हजार से अधिक घरों के विद्युतीकरण के लिए 193.72 करोड़ स्वीकृत मंत्रि-परिषद ने भारत सरकार की आरडीएसएस (RDSS) योजना के पहले चरण में अविद्युतीकृत घरों के विद्युतीकरण की कार्ययोजना को मंजूरी दी है। इसके तहत 20 एवं अधिक घरों वाली प्रदेश की कुल 1,834 बसाहटों (पूर्व, मध्य एवं पश्चिम क्षेत्र) के 46,574 घरों और 54 शासकीय सार्वजनिक संस्थानों के विद्युतीकरण के लिए 193 करोड़ 72 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें केंद्र सरकार का 60 प्रतिशत अनुदान (116 करोड़ 24 लाख रुपये) तथा राज्य सरकार का 40 प्रतिशत अंश (77 करोड़ 48 लाख रुपये) शामिल है। इसके माध्यम से 2 लाख रुपये प्रति घर तक की अनुमानित लागत वाली बसाहटों का विद्युतीकरण किया जाएगा।

योजना लागत की शेष राशि और केंद्रांश पर देय एसजीएसटी (SGST) की राशि राज्य शासन द्वारा वितरण कंपनियों को ऋण के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त 20 घरों से कम की बसाहटों के विद्युतीकरण के लिए भी राज्य शासन का वित्तीय सहयोग देने पर सैद्धांतिक सहमति दी गई है, जिसके लिए पृथक से प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा। दिशा-निर्देशों में संशोधन के लिए ऊर्जा विभाग को अधिकृत किया गया है।

खनिज अन्वेषण नीति के लिए राज्य खनिज निगम नोडल एजेंसी नियुक्त मंत्रि-परिषद ने प्रदेश में खनिज अन्वेषण एवं सर्वेक्षण संबंधी कार्यों के लिए मध्यप्रदेश राज्य खनिज निगम लिमिटेड को नोडल एजेंसी नामांकित किया है। इन कार्यों के सुचारू संचालन और पर्यवेक्षण का उत्तरदायित्व निगम के संचालक मंडल को सौंपा गया है। स्वीकृत प्रस्ताव के अनुरूप आंकड़ों के विश्लेषण, अधिक ऊँचाई के एयरबोर्न सर्वे के बाद कम ऊँचाई के हेलीबोर्न सर्वे, प्रबल संभावना वाले चिन्हित क्षेत्रों में भू-भौतिकीय एवं भू-रासायनिक सर्वेक्षण तथा खनिज भंडार प्रमाणित करने के लिए ड्रिलिंग कार्य हेतु पारदर्शी प्रक्रिया से बाह्य एजेंसियों की नियुक्ति निगम के माध्यम से की जाएगी। प्रदेश के मध्य एवं पश्चिमी भाग में स्थित तृतीय वर्ग के क्षेत्र में सर्वे का कार्य वर्ष 2028 के अंत तक पूर्ण किया जाएगा।

अद्वैत लोक निर्माण और प्रशासनिक योजनाओं के लिए बड़ी राशि मंजूर

  • अद्वैत लोक (ओंकारेश्वर): मंत्रि-परिषद ने "वेदान्त पीठ की स्थापना" के अंतर्गत ओंकारेश्वर में विकसित किए जा रहे एकात्म धाम में "अद्वैत लोक" के निर्माण के लिए 16वें वित्त आयोग की अवधि (2026-27 से 2030-31) हेतु 2,278 करोड़ 99 लाख रुपये मंजूर किए हैं। इस संग्रहालय में हाइस्क्रीन थियेटर, माया गैलरी, लेज़र लाइट वाटर एण्ड साउंड शो, अद्वैत नर्मदा विहार, निदिध्यासन केन्द्र, कला वीथिका, शंकर स्तम्भ, अन्नपूर्णा, कलाग्राम और पंचायतन मन्दिर के माध्यम से आचार्य शंकर के जीवन एवं अद्वैत वेदान्त दर्शन को प्रस्तुत किया जाएगा।

  • सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाएं: विभाग की वर्तमान में संचालित 23 योजनाओं को वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक निरंतर रखने के लिए कुल 3,059 करोड़ 7 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसमें सचिवालय व्यवस्था, लोकतंत्र सेनानी सम्मान निधि, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को पेंशन, मानव अधिकार आयोग को अनुदान, क्वालिटी एश्योरेंस काउंसिल, मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार, मंत्रियों के वेतन-भत्ते, पूर्व मुख्यमंत्रियों के मानदेय, आईटी कार्य तथा मुख्यमंत्री निवास परिसर में एनेक्सी निर्माण शामिल हैं।

  • मुख्यमंत्री वैवेकिक अनुदान: सामान्य प्रशासन विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री वैवेकिक अनुदान से संबंधित योजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने के लिए 1 हजार 165 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।