नई दिल्ली। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत में होने वाले एससीओ सभ्यतागत संवाद में देश के जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक शामिल होने नई दिल्ली जाएंगे। पिछले साल अप्रैल-मई महीने में हुए तनाव के बाद ये पहला मौका है जब पाकिस्तानी मंत्री भारत दौरे पर होंगे। डॉ. मलिक पाकिस्तान के वही मंत्री हैं जिन्होंने सिंधु जल संधि को सस्पेंड करने के बाद भारत को हाथ काटने की धमकी दी थी। उन्होंने पिछले साल जून में भारत को धमकाने की कोशिश की थी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक डॉ: मलिक ने पिछले साल जून में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि पाकिस्तान सिंधु पानी को कंट्रोल करने की कोशिश करने वालों के हाथ काट देगा। उन्होंने उस दौरान आरोप लगाए थे कि भारत पाकिस्तान आने वाले पानी के बहाव को रोकना चाहता है। मुसादिक मलिक पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री हैं जबकि नई दिल्ली जो एससीओ समिट का आयोजन कर रहा है उसका थीम सभ्यतागत संवाद है। मलिक को भेजने का मतलब है कि पाकिस्तान का मकसद भारत से किसी भी तरह तनाव को कम करना नहीं है जैसा कि देश-विदेश की मीडिया में रिपोर्ट किया गया है।
दरअसल पाकिस्तान की शहबाज सरकार के मन में यह डर हो सकता है कि भारत में अपने मंत्री को भेजने से घरेलू दर्शकों के सामने जवाब देना मुश्किल हो सकता है लेकिन एक ऐसे मंत्री को भेजना जो आक्रामक और विवादित रूख अपना चुका हो, उसे भेजकर शायद शहबाज शरीफ ये संदेश देना चाहते हों कि पाकिस्तान अपनी शर्तों पर और जियो-पॉलिटिक्स की जरूरत के हिसाब से फैसले कर रहा है। उसने भारत के सामने सख्त रूख बनाकर रखा हुआ है।
मुसादिक मलिक को भारत भेजने का एक मकसद सिंधु जल संधि के मुद्दे को उठाना भी हो सकता है। हो सकता है एससीओ सभ्यतागत संवाद के मंच से पाकिस्तान नई दिल्ली से भारत पर निशाना साधना चाहता हो। बहुत संभव है कि पाकिस्तानी मंत्री एससीओ देशों के सामने पानी का मुद्दा उठाएं। पाकिस्तान दुनिया के हर मंच से सिंधु जल संधि का मुद्दा उठा रहा है, वो भारत पर पानी रोककर पाकिस्तान में आर्थिक संकट फैलाने और उसकी अर्थव्यवस्था को तबाह तक करने की कोशिश का आरोप लगा रहा है।

More Stories
सोशल मीडिया पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 हिस्ट्रीशीटरों के अकाउंट ब्लॉक
जयपुर में सड़क हादसे का कहर, बोलेरो चालक की गई जान; सात लोग घायल
महिला आरक्षण पर बड़ा दांव खेलने की तैयारी में एनडीए सरकार, 2029 के चुनाव से पहले संवैधानिक बदलाव की तैयारी