November 2, 2026

ऑटो चालक ने महिला को लगाया लाखों का चूना, जेवर और नकदी लेकर भागा

इंदौर। दीपोत्सव के दौरान शहर के बाजारों में उमड़ी भारी भीड़ के बीच शातिर चोरों और अपराधियों के सक्रिय होने का एक ताजा मामला सामने आया है। तिलक नगर थाना क्षेत्र में खरीदारी करने निकली एक महिला के साथ ऑटो चालक ने भरोसे का फायदा उठाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को धर दबोचा है और सारा मसूका बरामद कर लिया है।

दुकान पर सामान खरीदने उतरी थी महिला

एसीपी आशीष पटेल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि तिलक नगर की रहने वाली मनीषा अपनी बेटी के साथ देवगुराडिया जाने के लिए बाजार में ऑटो रिक्शा पर सवार हुईं। सफर के दौरान जब महिला को रास्ते में एक दुकान से कुछ जरूरी सामान खरीदना था, तो वह ऑटो से नीचे उतर गईं। इसी दौरान शातिर ऑटो चालक ने बड़ी चालाकी से महिला से कहा कि वे अपना बैग ऑटो में ही रखा रहने दें और निश्चिंत होकर खरीदारी करके लौटें।

बातों में उलझाकर पार किया कीमती सामान

महिला ने चालक की बातों में आकर उस पर भरोसा कर लिया और सामान लेने दुकान की तरफ चली गईं। चालक ने इसी सुनहरे मौके का फायदा उठाया और महिला के बैग से 13 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के कीमती आभूषणों से भरा हुआ छोटा थैला चुपचाप चुरा लिया। इसके बाद वह मौका पाकर वहां से निकलने की फिराक में लग गया।

घर पहुँचकर बैग की चेन खुली तो उड़े होश

खरीदारी और अन्य काम निबटाने के बाद जब महिला अपने घर पहुँची और उन्होंने सामान वाले बैग को चेक किया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बैग से नकदी और सारे जेवर गायब थे, जिसके बाद उन्होंने तुरंत थाने पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी मदद से धरा गया आरोपी

महिला की शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तुरंत टीम गठित की और घटनास्थल के आसपास के तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। तकनीक और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने तेजी से सुराग जुटाते हुए आरोपी ऑटो चालक सोनू (पिता बालकृष्ण) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी गया सारा माल और नकदी भी सकुशल बरामद कर ली है।