अहमदाबाद। गुजरात के साणंद तालुका स्थित विंछिया गांव में एक सिरफिरे पिता द्वारा अपने ही 10 वर्षीय मासूम बेटे की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मानसिक रूप से परेशान आरोपी ने बच्चे का सिर घर में बनी देवी की वेदी पर कई बार पटका, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव के पास ही सो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मायके से वापस लौटी पत्नी तो हुआ खुलासा
साणंद पुलिस निरीक्षक जयप्रकाश चौहान के अनुसार, आरोपी की पहचान नरेश पटेल के रूप में हुई है, जो एक खेतिहर मजदूर है। आरोपी की पत्नी भारतीबेन पति से विवाद के बाद मायके चली गई थी, लेकिन बेटे की पढ़ाई की वजह से उसे पिता के पास छोड़ दिया था। रविवार रात पड़ोसियों की सूचना पर जब महिला गांव पहुंची, तो उसने देखा कि बेटे करण का खून से लथपथ शव चारपाई पर पड़ा था और आरोपी पति भी कपड़ों पर खून के धब्बे लिए वहीं लेटा हुआ था।
बलि देने का दावा और दिल दहला देने वाली वारदात
महिला की शिकायत के मुताबिक, पूछने पर आरोपी ने कहा कि उसने देवी की वेदी पर अपने इकलौते बेटे की बलि दे दी है। उसने दावा किया कि उसके पिता देवी के 'भुवा' (पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान करने वाले) थे और उनके बाद उसने यह भूमिका संभाली थी। उसने बेटे को इसलिए मार डाला ताकि उसके बाद परिवार में कोई 'भुवा' न बन सके। वारदात के दौरान उसने मासूम के पैर पकड़कर वेदी के सामने दो-तीन बार जमीन पर पटका और फिर डंडे से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जाँच में जुटी
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी नरेश पटेल को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी गंभीर रूप से मानसिक रूप से अस्वस्थ लग रहा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की आगे की कानूनी जांच जारी है।

More Stories
सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी के बाद दिल्ली-NCR में जलेंगे ग्रीन पटाखे, समय भी निर्धारित
इंडिया ब्लॉक की रैली को लेकर सियासी घमासान, जयराम रमेश बोले- जमकर हुई खरीदारी
अर्नब के बाद मुरासु की दस्तक, समुद्र में उठा चक्रवाती तूफान, अलर्ट जारी