October 15, 2026

गोमती साय का दावा- गुजरात की जनता ने बीजेपी के विकास कार्यों पर लगाई मुहर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पत्थलगांव से भाजपा विधायक और गुजरात भाजपा प्रदेश सह-प्रभारी गोमती साय ने गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी की ऐतिहासिक और प्रचंड जीत पर खुशी जताते हुए इसे 'विकास, सुशासन और जनविश्वास की जीत' बताया है। उन्होंने कहा कि गुजरात के मतदाताओं ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि उनका अटूट विश्वास केवल भारतीय जनता पार्टी पर ही है।

विपक्ष का हुआ पूरी तरह सफाया

गुजरात की प्रदेश सह-प्रभारी गोमती साय ने निकाय चुनावों के नतीजों का ब्योरा देते हुए कहा कि जनता ने विपक्षी दलों की भ्रम और नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह खारिज कर दिया है। चुनावों के मुख्य परिणाम इस प्रकार रहे:

  • गांधीनगर महानगर पालिका: कुल 44 सीटों में से भाजपा ने 38 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस केवल 5 सीटों पर सिमट गई।

  • थरा नगरपालिका: कुल 24 सीटों में से भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 19 सीटों पर कब्जा जमाया, वहीं कांग्रेस को मात्र 5 सीटें हासिल हुईं।

  • ओखा नगरपालिका: कुल 36 सीटों में से भाजपा ने 33 सीटों पर जीत दर्ज कर एकतरफा परचम लहराया, जबकि कांग्रेस को केवल 3 सीटें मिलीं।

उन्होंने आगे कहा कि इन तीनों निकायों में आम आदमी पार्टी का खाता तक नहीं खुल सका और वह शून्य पर सिमट गई।

शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार

गोमती साय ने कहा कि यह ऐतिहासिक जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं शीर्ष नेतृत्व के साथ-साथ गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रदेश नेतृत्व के अथक प्रयासों का ही प्रतिफल है। उन्होंने गुजरात की जनता का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए सभी विजयी प्रत्याशियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को इस शानदार जीत की बधाई दी।