भारतीय क्रिकेट टीम के मौजूदा मुख्य कोच और पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर अपना 45वां जन्मदिन मना रहे हैं। खिलाड़ी के तौर पर गंभीर की पहचान हमेशा एक ऐसे जुझारू बल्लेबाज के रूप में रही है, जो दबाव के क्षणों में टीम के लिए चट्टान बनकर खड़े होते थे। टी20 विश्व कप 2007 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई 75 रन की पारी हो या फिर वनडे विश्व कप 2011 के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ खेली गई 97 रन की मैच जिताऊ पारी, ये सभी भारतीय क्रिकेट इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में दर्ज हैं। हालांकि, इन सीमित ओवरों की सफलताओं के अलावा टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम एक ऐसी एतिहासिक पारी भी दर्ज है, जिसने हारी हुई बाजी को बचा लिया था। वर्ष 2009 में न्यूजीलैंड के नेपियर में खेली गई 137 रन की उनकी वह मैराथन पारी आज भी टेस्ट क्रिकेट के सबसे बेहतरीन संघर्षों में गिनी जाती है।
जब नेपियर टेस्ट में मंडरा रहा था हार का बड़ा खतरा
नेपियर में खेले गए उस मुकाबले में मेजबान न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 9 विकेट पर 619 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी। इसके जवाब में पहली पारी में भारतीय टीम महज 305 रन पर ढेर हो गई, जिसके चलते टीम को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा। भारत के सामने दूसरी पारी में जीत का लक्ष्य तो दूर, सबसे पहले अपनी हार टालने और मैच बचाने की विकट चुनौती थी।
दूसरी पारी में वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर ने पारी की शुरुआत की। सहवाग के जल्दी आउट होने के बाद गंभीर ने एक छोर को मजबूती से थामे रखा। उन्होंने दीवार कहे जाने वाले राहुल द्रविड़ के साथ दूसरे विकेट के लिए 133 रन की बेहद अहम साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने इस दौरान 376 गेंदों तक न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को सफलता से वंचित रखा। राहुल द्रविड़ ने 62 रन का योगदान दिया।
दिग्गजों के साथ मिलकर रची ऐतिहासिक साझेदारी
द्रविड़ के आउट होने के बाद मैदान पर उतरे सचिन तेंदुलकर ने गौतम गंभीर का बेहतरीन साथ निभाया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 97 रन जोड़े और 191 गेंदों तक क्रीज पर डटे रहे, जिसमें सचिन ने 64 रन बनाए। इसके बाद कप्तान वीवीएस लक्ष्मण क्रीज पर आए और गंभीर के साथ चौथे विकेट के लिए 96 रन की एक और शानदार साझेदारी निभाई। इन दोनों ने मिलकर 289 गेंदों तक कीवी गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया। इस पूरी पारी के दौरान गौतम गंभीर ने कुल 436 गेंदों का सामना करते हुए 137 रन बनाए। उनकी यह पारी संयम, उच्च कोटि की एकाग्रता और विकट परिस्थितियों में टीम के लिए लड़ने की अदम्य इच्छाशक्ति का एक उत्कृष्ट उदाहरण थी।
643 मिनट का संघर्ष और हार टालने में सफलता
गंभीर के आउट होने के बाद भी मुकाबला खत्म नहीं हुआ था। इसके बाद वीवीएस लक्ष्मण और युवा ऑलराउंडर युवराज सिंह ने मोर्चा संभाला। लक्ष्मण 212 गेंदों पर 124 रन और युवराज सिंह 63 गेंदों पर 54 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों ने दिन का बचा हुआ खेल निकालकर भारत की हार को टाल दिया। जब मैच समाप्त हुआ, तब भारत का स्कोर दूसरी पारी में 4 विकेट पर 476 रन था।
इस पूरी मैराथन पारी के दौरान गौतम गंभीर ने मैदान पर कुल 643 मिनट बिताए। यह केवल एक शतक नहीं था, बल्कि टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में दबाव झेलने और अपनी टीम के लिए ढाल बनने की एक नायाब मिसाल थी।
शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर के आंकड़े
गौतम गंभीर ने वर्ष 2003 से 2016 के बीच भारत के लिए तीनों प्रारूपों में शानदार क्रिकेट खेला:
-
टेस्ट मैच: 58 टेस्ट मैचों में 9 शतकों और 22 अर्धशतकों की मदद से 4,154 रन बनाए।
-
वनडे मैच: 147 वनडे मैचों में 11 शतकों और 34 अर्धशतकों के साथ 5,238 रन दर्ज किए।
-
टी20 अंतरराष्ट्रीय: 37 मैचों में 7 अर्धशतकों की मदद से 932 रन बनाए।
वर्ष 2018 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने वाले गंभीर ने भारत को दो विश्व कप दिलाने में अपनी अह्म भूमिका निभाई थी।
कोच के रूप में भारतीय क्रिकेट को नई दिशा
खिलाड़ी के रूप में देश को गौरव दिलाने के बाद, गौतम गंभीर अब मुख्य कोच के रूप में भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। उन्होंने 9 जुलाई 2024 को भारतीय टीम के हेड कोच का पद संभाला था। उनके मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और टी20 विश्व कप 2026 के खिताब अपने नाम किए हैं। उनका वर्तमान कोचिंग कार्यकाल वनडे विश्व कप 2027 तक निर्धारित है। दिल्ली में जन्मे गौतम गंभीर का यह सफर—एक खिलाड़ी के रूप में विश्व कप जिताने से लेकर नेपियर की उस एतिहासिक संघर्षपूर्ण पारी तक—भारतीय क्रिकेट के सबसे प्रेरणादायक अध्यायों में से एक है।

More Stories
लाल गेंद की जगह गुलाबी गेंद से खेला जाएगा टेस्ट? क्रिकेट में नए प्रयोग की चर्चा तेज
पाकिस्तानी खिलाड़ियों वाली टीम में शिखर धवन का नाम कैसे आया? गब्बर ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा ने मनाया 29वां जन्मदिन, पार्टी की तस्वीरों पर टिकी नजरें