भोपाल | केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक बार फिर दादा बन गए हैं। उनके छोटे बेटे कुणाल सिंह चौहान और बहू रिद्धि के घर एक नन्हे मेहमान का आगमन हुआ है। रिद्धि ने बेटे को जन्म दिया है, जिसका नाम परिवार द्वारा ‘अहान’ रखा गया है। इस खुशखबरी को साझा करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया और परिवार में आए इस नए सदस्य की खुशी को सभी के साथ जाहिर किया।
परिवार में आया ‘सौभाग्य का सूर्योदय’
शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उनके जीवन में एक बार फिर ‘सौभाग्य का सूर्योदय’ हुआ है। उन्होंने बताया कि कुणाल और रिद्धि माता-पिता बन गए हैं और उन्हें तथा उनकी पत्नी साधना सिंह को फिर से दादा-दादी बनने का सुख प्राप्त हुआ है। उन्होंने नन्हे अहान को पूरे परिवार के लिए ईश्वर का एक अनमोल आशीर्वाद बताया। इसके साथ ही उन्होंने यह भी जिक्र किया कि बड़े बेटे कार्तिकेय और बहू अमानत के लिए अहान भतीजा है, जबकि परिवार की लाडली बेटी इला को अब एक छोटा भाई मिल गया है। उन्होंने रिद्धि के माता-पिता संदीप जैन और स्वाति जैन को भी नाना-नानी बनने पर बधाई दी।
परिवार के लिए खुशियों से भरा यह साल
उल्लेखनीय है कि शिवराज सिंह चौहान पहले से ही अपनी पोती इला के साथ अक्सर समय बिताते नजर आते हैं। इसी साल जनवरी में उनके बड़े बेटे कार्तिकेय और बहू अमानत के घर बेटी इला का जन्म हुआ था, जिसकी तस्वीरें और वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किए थे। अब नन्हे अहान के आगमन से चौहान परिवार में एक बार फिर से जश्न और उमंग का माहौल छा गया है। परिवार के लिहाज से यह साल दोहरी खुशियां लेकर आया है।

More Stories
नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, भोपाल का सिद्धांता अस्पताल नगर निगम ने किया सील
‘लाड़ली बहना के पैसे नहीं चाहिए, परमाणु प्लांट नहीं चाहिए’, रीवा में ग्रामीणों का आक्रोश
ऑनलाइन पेमेंट पर लगा ब्रेक, MDR के विरोध में आज UPI स्वीकार नहीं करेंगे व्यापारी