September 23, 2026

गांधी नगर में नकली नोट खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, सप्लायर समेत दो पकड़े गए

नई दिल्ली। शाहदरा जिले की गांधी नगर थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय नकली नोट सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को दिल्ली और बिहार के बोधगया से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 500 रुपये मूल्य वर्ग के कुल 187 जाली नोट बरामद किए हैं। पुलिस पड़ताल में खुलासा हुआ है कि इस गिरोह के तार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से लेकर बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के मालदा तक जुड़े हुए हैं।

गुड्डू करता था सप्लाई, दानिश बाजारों में चलाता था नोट

पकड़े गए आरोपियों की शिनाख्त मोहम्मद दानिश (35), निवासी गया (बिहार) और मोहम्मद मिराज उर्फ गुड्डू (36), निवासी झारखंड के रूप में हुई है। दानिश दिल्ली के व्यस्त बाजारों में जाली नोट खपाने का काम करता था, जबकि मिराज उर्फ गुड्डू उसे जाली नोटों की खेप मुहैया कराता था। पुलिस दोनों से गहन पूछताछ कर सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

बैंक खाते में जमा नोटों से खुला मामला

पूर्वी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त मिलिंद महादेव डुंबरे ने बताया कि 22 अगस्त को गांधी नगर स्थित कोटक महिंद्रा बैंक से 500 रुपये के 18 नकली नोट मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। यह रकम कपड़ा कारोबारी नफीस अहमद ने अपने खाते में जमा कराई थी। पूछताछ में कारोबारी ने बताया कि 21 अगस्त को दानिश नामक ग्राहक ने उनकी दुकान से ₹17,200 के कपड़े खरीदे थे और वही नकदी भुगतान कर गया था।

सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से पकड़ा गया दानिश

अगले दिन नफीस ने पुलिस को सूचित किया कि दानिश पुनः बाजार क्षेत्र में देखा गया है। गांधी नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज तथा स्थानीय खुफिया तंत्र के सहयोग से आरोपी मोहम्मद दानिश को धर दबोचा। पूछताछ के पश्चात उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

10 हजार के असली नोट के बदले 30 हजार के नकली नोट

पुलिसिया पूछताछ में दानिश ने स्वीकार किया कि उसने झारखंड के चतरा निवासी गुड्डू से 10 हजार रुपये के असली नोट देकर 30 हजार रुपये मूल्य के जाली नोट खरीदे थे। वह गांधी नगर बाजार की छोटी दुकानों से खरीदारी कर इन नोटों को चलन में लाता था। आरोपी से प्राप्त सुरागों के आधार पर छापेमारी हेतु एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

बिहार के बोधगया से मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की टीम आरोपी दानिश को साथ लेकर बिहार के बोधगया पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से मुख्य सप्लायर मोहम्मद मिराज उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 500 रुपये के 169 जाली नोट बरामद हुए।

पश्चिम बंगाल के मालदा से जुड़े हैं सिंडिकेट के तार

सप्लायर मिराज ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने यह जाली मुद्रा पश्चिम बंगाल के मालदा स्थित 'मामा उर्फ छोटू' और 'भैया जी' नामक तस्करों से खरीदी थी। उसने ₹60,000 के असली भारतीय नोट देकर ₹1.50 लाख के जाली नोट हासिल किए थे। आरोपी मिराज पूर्व में भी बिहार के रामपुर थाने में दर्ज दो आपराधिक मामलों में नामजद रहा है। पुलिस अब मालदा में छिपे मुख्य सरगनाओं की गिरफ्तारी हेतु संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।