September 22, 2026

नागौर में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक को घसीटते ट्रेलर में लगी आग; दो की मौत

नागौर। नागौर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर अलाय से बीकानेर की ओर जाने वाले मार्ग पर कालानाडा के पास सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोयले से भरे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर मोटरसाइकिल को सड़क पर करीब 200 फीट तक घसीटता हुआ आगे निकल गया।

भीषण टक्कर में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोयले से भरा ट्रेलर बीकानेर की तरफ से नागौर की ओर आ रहा था, जबकि कालानाडा के पास उसने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस भयावह दुर्घटना में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान बीकानेर जिले के मालियाणा गांव निवासी महावीर (पुत्र कोजाराम जाट) और बुद्धाराम (पुत्र चेनाराम जाट) के रूप में की गई है।

हादसे के बाद ट्रेलर में लगी भीषण आग

इस दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रेलर चालक वाहन से नीचे कूदकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा। घटना की सूचना मिलते ही गोगेलाव टोल की एंबुलेंस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को नागौर के जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है और उनके परिजनों को इस अप्रिय घटना की सूचना दे दी है।

तभी इस हादसे के कुछ ही देर बाद कोयले से भरे उस ट्रेलर में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की विकराल लपटों ने ट्रेलर के टायरों और केबिन वाले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भूनक लगते ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी अफरा-तफरी मच गई और यातायात भी बाधित हो गया। सूचना मिलते ही नागौर नगर परिषद के अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां और नोखा से बुलाई गई एक दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। पुलिस मामले की आगामी जांच में जुटी हुई है।