September 16, 2026

आशा वर्कर्स के लिए खुशखबरी! दिल्ली सरकार ने बढ़ाया मानदेय, अब मिलेंगे 6 हजार रुपये

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने प्रदेश की आशा कार्यकर्ताओं को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित कैबिनेट बैठक में आशा कार्यकर्ताओं का निर्धारित मासिक प्रोत्साहन भत्ता 3,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये करने का फैसला लिया गया। भत्ता बढ़ाने का यह नियम दिल्ली में कार्यरत सभी 6,725 आशा कार्यकर्ताओं पर समान रूप से लागू होगा।

दोगुना हुआ मानदेय, अन्य सुविधाएं रहेंगी जारी

सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित प्रोत्साहन राशि को दोगुना करने के बावजूद कार्यकर्ताओं को मिलने वाले अन्य प्रोत्साहन भत्ते पहले की तरह ही मिलते रहेंगे। इससे उनकी कुल आय में बढ़ोतरी होगी।

आशा कार्यकर्ताओं के सम्मान और सुरक्षा का कदम

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मानदेय में बढ़ोतरी लंबे समय से सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल थी। उन्होंने कहा कि यह फैसला आशा कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों के सम्मान और उनकी आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है।

स्वास्थ्य सेवाओं और महिला सशक्तीकरण को बल

कैबिनेट के इस निर्णय से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार आने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रोत्साहन राशि बढ़ने से कार्यकर्ताओं का मनोबल और उत्साह बढ़ेगा, जिससे जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा मिलेगा।