August 19, 2026

बुराड़ी में रिश्तों का कत्ल! बहन की हत्या के बाद सूटकेस में शव रखकर झाड़ियों में फेंका

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के बुराड़ी क्षेत्र से एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम संबंध से नाराज होकर एक चचेरे भाई ने अपनी 17 साल की नाबालिग बहन की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मृतका के शव को एक सूटकेस में बंद किया और उसे सुनसान इलाके में ले जाकर ठिकाने लगा दिया। घटना की भनक लगते ही बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय आरोपी अविनाश को धर दबोचा और उसकी निशानदेही पर बुराड़ी क्षेत्र से लड़की का शव बरामद कर लिया। हैरान करने वाली बात यह है कि इस खौफनाक घटना की कोई भी शिकायत मृतका के परिजनों द्वारा पुलिस को नहीं दी गई थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी से गहन पूछताछ शुरू कर दी है।

सूटकेस के साथ देखे जाने पर खुला राज

बाहरी-उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त शोभित डी. सक्सेना ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बाहरी-उत्तरी जिला स्पेशल स्टाफ को एक पुख्ता सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक बाइक पर भारी-भरकम सूटकेस लेकर गया था, लेकिन लौटते वक्त उसके पास सूटकेस नहीं था। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए आरोपी अविनाश को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।

पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपी की चचेरी बहन का किसी युवक के साथ प्रेम संबंध चल रहा था और वह उसी से विवाह करना चाहती थी, लेकिन परिवार इसके सख्त खिलाफ था। परिजनों ने बहन को समझाने की जिम्मेदारी आरोपी अविनाश को सौंपी थी और उसे अपने साथ रहने के लिए कहा था। इसके बावजूद, लड़की लगातार उस युवक से संपर्क करने की कोशिश कर रही थी। इसी बात से आक्रोशित होकर 16 अगस्त को आरोपी ने गुस्से में अपनी ही बहन का गला दबाकर उसकी जान ले ली और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को सूटकेस में भरकर फेंक दिया।

पुलिस ने आरोपी अविनाश की निशानदेही पर बुराड़ी के अजीत विहार इलाके की झाड़ियों से लड़की के शव से भरा सूटकेस बरामद कर लिया है।

नई दिल्ली: नारायणा इलाके में सनसनीखेज वारदात; सरकारी स्कूल की दीवार के पास मिला 30 वर्षीय युवक का नग्न शव, सिर को पत्थर से कुचला

नई दिल्ली (दिल्ली): दिल्ली के नारायणा इलाके में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहाँ लगभग 30 वर्षीय एक अज्ञात युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक का नग्न अवस्था में शव सी-ब्लॉक स्थित एक सरकारी स्कूल की दीवार के पास बरामद किया गया। कातिलों ने बेरहमी से युवक के सिर को भारी पत्थर से कुचलकर उसकी पहचान मिटाने की कोशिश की थी। मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज या पहचान पत्र नहीं मिला है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके।

नारायणा थाना पुलिस ने हत्या का संगीन मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के थानों की मदद से तफ्तीश शुरू कर दी है। पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सुबह करीब सात बजे इस घटना की सूचना मिली थी।

मृतक के बाएं हाथ पर 'आनंद' और 'रेणु' नाम का टैटू गुदा हुआ है, जो उसकी पहचान का मुख्य जरिया बन सकता है। शुरुआती मेडिकल और तकनीकी जांच में सिर पर पत्थर से वार कर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस इलाके के तमाम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और दिल्लीभर से लापता हुए लोगों के परिजनों से संपर्क स्थापित कर मृतक की पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है।