भीलवाड़ा: दुबई में भारतीय मूल के व्यापारी मुकेश टेलर के अपहरण और रंगदारी के चर्चित मामले में भीलवाड़ा की सुभाषनगर थाना पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दुबई की जेल में बंद भारत के भगोड़े अपराधी फजले रउफ उर्फ 'लुत्फी' गैंग के एक अहम गुर्गे को जयपुर से धर दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रज्जाक मोहम्मद उर्फ रियाज (निवासी मोहम्मदी कॉलोनी) के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने इस शातिर बदमाश पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
दुबई में वारदात के बाद भारत भाग आया था आरोपी
पुलिस अनुसंधान के अनुसार, आरोपी रज्जाक 1 जुलाई को दुबई में भारतीय व्यापारी के अपहरण की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद, भीलवाड़ा के गांधीनगर निवासी मोइन खान के साथ फरार होकर भारत लौट आया था। इस मामले में सहयोगी मोइन को पुलिस पहले ही पिछले महीने उदयपुर से गिरफ्तार कर चुकी है।
इसके अलावा, मोइन को शरण देने के आरोप में बदनोर निवासी वसीम मोहम्मद और भीलवाड़ा में पीड़ित व्यापारी के परिजनों को धमकाकर रंगदारी वसूलने के मामले में शास्त्रीनगर निवासी योगेश मूंदड़ा की भी पूर्व में गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, मुख्य सरगना लुत्फी की पत्नी और गैंग की सह-सरगना फहीम फातिमा की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
उच्च न्यायालय ने खारिज की अग्रिम जमानत याचिकाएं
सुभाषनगर थाना प्रभारी कैलाश कुमार विश्नोई ने जानकारी दी कि राजस्थान उच्च न्यायालय ने इस प्रकरण में वांछित तीन अन्य गुर्गों—इमरान उर्फ चुन्नूलाला, जिशान खान और रियाज हसन उर्फ राजू पठान की अग्रिम जमानत याचिकाओं को शुक्रवार को खारिज कर दिया है। इससे पहले जेल में बंद योगेश मूंदड़ा और वसीम मोहम्मद की जमानत याचिकाएं भी अदालत द्वारा ठुकरा दी गई थीं।
8 अन्य फरार अपराधियों की तलाश जारी
पुलिस ने शिकंजा कसते हुए कई अन्य हार्डकोर और वांछित अपराधियों की सूची जारी की है, जिन पर इनाम घोषित कर लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है:
-
जाविद उर्फ बादशाह: अहमदाबाद के चर्चित राधिका जिमखाना हत्याकांड का सजायाफ्ता और पैरोल से फरार अपराधी।
-
इमरान उर्फ चुन्नी लाला व जिशान खान: प्रतापगढ़ के वरिष्ठ अधिवक्ता जे. जोशी हत्याकांड के सजायाफ्ता और पैरोल से फरार हार्डकोर क्रिमिनल।
-
अन्य वांछित आरोपी: नीलम खोईवाल (दादाबाड़ी, भीलवाड़ा), जितेन्द्र कुमार उर्फ जीतू माली (सुमेरपुर, पाली), मोहम्मद आदिल शेख (मांडल, भीलवाड़ा) और नीतू महेश (अजमेर)।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नीलम खोईवाल और आदिल शेख के खिलाफ यूएई के वीजा नियमों का उल्लंघन कर अवैध रूप से दुबई भागने का एक अलग मामला भी दर्ज है। पुलिस प्रशासन द्वारा दुबई की जेल में बंद लुत्फी सहित चार प्रमुख भगोड़ों को प्रत्यर्पण संधि (Extradition Treaty) के जरिए जल्द से जल्द भारत लाने के कड़े प्रयास किए जा रहे हैं।

More Stories
वकीलों से बदसलूकी का आरोप, कड़कड़डूमा कोर्ट में पुलिसकर्मियों के प्रवेश पर रो
बाबा रामदेव का Gen Z पर बड़ा बयान, बोले- कई युवा अच्छा काम कर रहे, कुछ गलत राह पर
बीकानेर में शुरू हुई ई-बस सेवा, सीएम भजनलाल ने पांच बसों को किया रवाना