August 15, 2026

किशनपुर उप स्वास्थ्य केंद्र में स्वतंत्रता दिवस पर कथित लापरवाही, ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर दिखाई स्थिति

मुरैना: मध्य प्रदेश सरकार द्वारा स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर भले ही तिरंगा यात्राओं और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों में देशभक्ति व राष्ट्रप्रेम की भावना जगाने के तमाम प्रयास किए जा रहे हों, लेकिन मुरैना जिले के किशनपुर स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र पर 15 अगस्त के दिन ही व्यवस्थाओं और दावों की कलई खुलती नजर आई।

स्वतंत्रता दिवस पर सूना मिला स्वास्थ्य केंद्र

स्थानीय ग्रामीणों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के दिन सुबह करीब 11 बजे तक किशनपुर के इस उप स्वास्थ्य केंद्र पर एक भी कर्मचारी या स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित नहीं था। राष्ट्रीय पर्व होने के बावजूद केंद्र परिसर में तिरंगा फहराने या ध्वजारोहण की कोई व्यवस्था तक दूर-दूर तक दिखाई नहीं दी। सरकारी स्वास्थ्य केंद्र को पूरी तरह वीरान और सूना देखकर आक्रोशित ग्रामीणों ने इस बदइंतजामी का पूरा वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

प्रभारी से संपर्क करने पर मिला अजीब जवाब

यह मामला जब तूल पकड़ने लगा, तो ग्रामीणों ने उप स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी रश्मि से टेलीफोन के जरिए संपर्क किया। ग्रामीणों के मुताबिक, प्रभारी ने अपनी कुछ व्यक्तिगत मजबूरियां बताते हुए असमर्थता जताई कि वह चाहकर भी स्वतंत्रता दिवस के दिन उप स्वास्थ्य केंद्र तक नहीं पहुंच सकीं।

देश के इतने बड़े राष्ट्रीय पर्व के दिन सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से कर्मचारियों का नदारद रहना और राष्ट्रीय ध्वज का अपमान होना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों में इस लापरवाही को लेकर भारी नाराजगी है। लोगों का सवाल है कि जब शासन-प्रशासन जनता को राष्ट्रीय उत्सव मनाने और तिरंगे के सम्मान के प्रति जागरूक कर रहा है, ऐसे में एक सरकारी संस्थान द्वारा इस तरह की गैर-जिम्मेदारी प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।