August 15, 2026

छत्तीसगढ़ के मदरसों में स्वतंत्रता दिवस की रौनक, तिरंगा फहराकर मनाया आजादी का पर्व

रायपुर: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड कार्यालय, पुराना पुलिस मुख्यालय परिसर में प्रातः 8:30 बजे हर्षोल्लास के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस गौरवपूर्ण कार्यक्रम में बोर्ड की वरिष्ठतम स्टॉफ सदस्य फरजाना ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के उपरांत कार्यालय में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का गायन कर देश के प्रति सम्मान प्रकट किया।

इस अवसर पर पी.पी. द्विवेदी (सचिव, छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड), सतीश शर्मा (सेवानिवृत्त लेखापाल), अफरोज बेगम (प्रभारी रजिस्ट्रार), डॉ. शबा परवीन, नजीर अहमद रजा, सुखनवर हुसैन, अशरफ अहमद, अकरम बेग, प्रदीप बघेल, शाहनवाज खान, सुमन ध्रुव, जीतेन्द्र नेताम और सजनी बाई यादव सहित कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त, प्रदेश भर में संचालित सभी पंजीकृत प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक मदरसों में भी स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के बाद विभिन्न मदरसों में छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सुंदर प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह के साथ इस राष्ट्रीय पर्व में भाग लिया और स्वतंत्रता दिवस को पूरी गरिमा एवं उमंग के साथ मनाया।