भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पूरे देश में स्वतंत्रता दिवस का उत्साह, उल्लास और उमंग व्याप्त है। सभी ओर तिरंगा दिखाई दे रहा है। देश की आजादी के लिए मर-मिटने वाले स्वतंत्रता सेनानियों का देश स्मरण कर रहा है। स्वतंत्र भारत उनके ही पराक्रम से आकार ले पाया। अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया में भारत अपनी सक्षमता सिद्ध कर रहा है। हम आज विश्व के सबसे युवा और तेज गति से बढ़ने वाले देश के रूप में जाने जाते हैं। प्रधानमंत्री मोदी सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। राज्य सरकार गरीब, किसान, युवा और नारी सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। प्रदेश की समृद्धि के लिए औद्योगिक विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर विकसित किए जा रहे हैं। उद्योग-व्यापार और रोजगार के विकास से राज्य में समृद्धि आएगी और हम विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दे पाएंगे। मध्यप्रदेश समृद्ध और सामर्थ्यशाली हो, यह लक्ष्य लेकर राज्य सरकार कार्य कर रही है। भोपाल और इंदौर के आसपास के क्षेत्रों को शामिल कर दो मेट्रोपोलिटन सिटी की सौगात मिलने जा रही है। छह जिलों को मिलाकर भोपाल को मेट्रोपॉलिटन सिटी का स्वरूप दिया जाएगा। इससे राजधानी के रूप में भोपाल का गौरव बढ़ेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की विशाल तिरंगा यात्रा को शौर्य स्मारक तिराहे पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विधायक भगवान दास सबनानी साथ थे।
भारत की सांस्कृतिक धारा पुन: एक हो, यही कामना है
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर अतीत के संघर्ष और पीड़ा को याद कर अपना सर्वस्व समर्पित करने वाली विभूतियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि विभाजन के कारण ही बड़ी संख्या में सिख-पंजाबी और सिंधी परिवारों को अपना घर-बार-जमीन-जायदाद छोड़ना पड़ी। अपनी सनातन संस्कृति को बनाए रखने और अपने धर्म की रक्षा के लिए ही उन्होंने यह त्याग किया। यह भारत माता के प्रति प्रेम और समर्पण का प्रत्यक्ष उदाहरण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी यह कामना है कि यह सांस्कृतिक धारा पुन: एक हो। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, युवा और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। यात्रा में बड़ी संख्या में तिरंगा लेकर महिलाएं, युवा, वरिष्ठजन शामिल थे। देशभक्ति गीतों की धुनों, भारत माता की जय के नारों से वातावरण को गुजायमान करते हुए तिरंगा यात्रा भारत माता चौराहा (डिपो चौराहा) के लिए रवाना हुई।

More Stories
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उप स्वास्थ्य केन्द्र तलून का किया निरीक्षण
भारत बनेगा विश्व का सर्वश्रेष्ठ देश : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मन में उठने वाले प्रश्नों और जिज्ञासाओं को नहीं रोके, बल्कि चर्चा कर उत्तर पाये : मुख्यमंत्री डॉ. यादव