दुर्ग| दुर्ग जिले के जुनवानी क्षेत्र स्थित एक वेलनेस स्पा सेंटर की आड़ में अवैध रूप से देह व्यापार चलाए जाने का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। स्मृतिनगर पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर जुनवानी स्थित 'ली वेलनेस स्पा सेंटर' पर औचक छापेमारी की गई। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटर के प्रबंधक, एक महिला दलाल और ग्राहकों सहित कुल नौ आरोपियों को मौके से हिरासत में लिया है।
स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था सेक्स रैकेट
नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) सत्यप्रकाश तिवारी ने जानकारी दी कि पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि उक्त स्पा सेंटर में आने वाले ग्राहकों से अतिरिक्त पैसे लेकर युवतियों को परोसा जा रहा है। इस सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस दल ने तुरंत मौके पर दबिश दी, जहां कई लोग संदिग्ध अवस्था में पाए गए। जांच में मुख्य रूप से स्पा सेंटर के मैनेजर तनय सोनी की संलिप्तता सामने आई है, जो कथित तौर पर पैसे लेकर ग्राहकों को लड़कियां मुहैया करवाता था। इसके अलावा, हेमा सिंह उर्फ प्रीत नामक महिला के माध्यम से युवतियों को स्पा सेंटर में बुलाए जाने की बात भी सामने आई है।
इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 4 लाख रुपये मूल्य के 19 मोबाइल फोन, ग्राहकों से प्राप्त 1,900 रुपये की नकदी, तथा अनैतिक गतिविधियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं अन्य सामग्री बरामद की है।
पुलिस ने नौ आरोपियों को दबोचा
पुलिस का मानना है कि बरामद किए गए मोबाइलों और दस्तावेजों की गहन तकनीकी जांच से इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों के नाम भी सामने आ सकते हैं। इस प्रकरण में पुलिस ने तनय सोनी, हेमा सिंह, रूपेन्द्र जंघेल, रितिक सोनी, दिनेन्द्र कुमार सोनी, हेमंत सिन्हा, अविनाश शर्मा उर्फ अभी, आनंद कुमार और अरुण पाण्डेय को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है।
स्मृतिनगर थाने की टीम ने पकड़े गए सभी आरोपियों के विरुद्ध अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह स्पा सेंटर लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त था और इसके पीछे अन्य कौन-कौन लोग सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।

More Stories
सरकारी नौकरी के लिए नया नियम लागू, छत्तीसगढ़ में फॉर्म भरते वक्त चुनना होगा पद और विभाग
कुएं में गिरा भालू का शावक, वन विभाग की टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू; ग्रामीणों में दहशत
मंत्री टंकराम वर्मा का सारंगढ़-बिलाईगढ़ दौरा, विकास से लेकर तिरंगा यात्रा तक ये होंगे कार्यक्रम