रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की कार्यप्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की मांग को लेकर राज्य के छात्र-युवाओं ने बड़े आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। विभिन्न छात्र संगठनों ने आयोगों की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है।
शिबू सोरेन को याद कर संघर्ष का संकल्प
झारखंड जनाधिकार महासभा, आइसा (AISA) और एआईएसएफ (AISF) सहित कई प्रमुख जन एवं छात्र संगठनों ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के बताए मार्ग को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि जिस तरह शिबू सोरेन, ए.के. राय और बिनोद बिहारी महतो ने मिलकर अधिकारों के लिए ऐतिहासक आंदोलन खड़ा किया था, उसी तर्ज पर आज राज्य के युवा अपने हक और स्वाभिमान की लड़ाई लड़ रहे हैं।
सात अगस्त को ऐतिहासिक विधानसभा कूच
प्रदेश के लाखों युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने और प्रतियोगी परीक्षाओं में शुचिता लाने के उद्देश्य से छात्र संगठनों ने 7 अगस्त को सुबह 11 बजे 'विधानसभा मार्च' का आह्वान किया है। इस मार्च के माध्यम से छात्र-युवा एकजुट होकर राज्य सरकार और आयोगों के समक्ष अपनी मांगों को मुखरता से रखेंगे।
युवाओं से एकजुट होकर शामिल होने की अपील
विभिन्न जनसंगठनों के प्रतिनिधियों ने राज्य भर के परीक्षार्थियों, छात्र-छात्राओं और युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस विधानसभा मार्च में हिस्सा लें। संगठनों का मानना है कि युवाओं का यह साझा और संगठित प्रयास ही आयोगों की व्यवस्था में सुधार लाने और उनके अधिकारों की रक्षा करने में निर्णायक सिद्ध होगा।

More Stories
पंजाब में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, गुरदासपुर में पुलिस अलर्ट
कांवड़ियों पर टूटा तेज रफ्तार का कहर, ट्रेलर की टक्कर से एक की मौके पर मौत
विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी पर सतीश महाना का भावुक बयान, बोले- योग्यता का फैसला खुद करूंगा