यश राज फिल्म्स के बैनर तले बनी फिल्म 'सैयारा' की रिलीज को आज एक साल पूरा हो गया है। इस फिल्म के जरिए अहान पांडे ने अभिनय की दुनिया में कदम रखा था और अनीत पड्डा की भी यह बतौर लीड अभिनेत्री पहली फिल्म थी। दर्शकों ने इस फिल्म को बेहद पसंद किया और अपनी पहली ही फिल्म से अहान पांडे रातों-रात स्टार बन गए।
मेकर्स ने फैंस को दिया खास तोहफा
फिल्म की पहली वर्षगांठ पर निर्माताओं ने प्रशंसकों के लिए एक विशेष उपहार पेश किया है। वे इस खास मौके पर फिल्म का 'एक्सक्लूसिव 2-डिस्क कलेक्टर एडिशन LP' लेकर आए हैं, जिसे आज सीमित संख्या में रिलीज किया गया है। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए अहान पांडे और अनीत पड्डा लंदन के वेम्बली स्टेडियम पहुंचे, जहाँ उन्होंने फिल्म के लिए यह विनाइल LP लॉन्च की। यह कलेक्टर्स एडिशन फैंस और संगीत प्रेमियों के लिए फिल्म के पूरे म्यूजिकल सफर को दोबारा अनुभव करने का एक शानदार मौका है।
पहली सालगिरह का भव्य जश्न
फिल्म के एक साल पूरे होने पर यश राज फिल्म्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा की है। पोस्ट में लिखा है, "फिल्म 'सैयारा' का एक साल। वेम्बली में वाणी और कृष। लगता है यह किस्मत में ही लिखा था। 'सैयारा' को अपने दिलों में जगह देने के लिए आप सभी का शुक्रिया। यह हमारे लिए बहुत मायने रखता है। उन सभी फैंस के लिए, जिन्हें हमारा म्यूजिक, हमारी आवाजें और हमारे डायलॉग्स पसंद आए, हम 'एक्सक्लूसिव 2-डिस्क कलेक्टर एडिशन LP' लेकर आए हैं, जिसमें कुछ खास यादगार चीजें भी शामिल हैं।"
'सैयारा' का शानदार बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन
अहान पांडे और अनीत पड्डा की फिल्म 'सैयारा' को युवाओं का जबरदस्त प्यार मिला। सिनेमाघरों में बड़ी संख्या में युवा इसे देखने पहुंचे, जिनमें से कई दर्शक फिल्म के भावुक दृश्यों को देखकर भावविभोर भी हुए। सोशल मीडिया पर भी यह फिल्म और इसके गाने खूब चर्चा में रहे। बॉक्स ऑफिस पर भी इस फिल्म ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 300 करोड़ क्लब में अपनी जगह बनाई। मोहित सूरी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने कुल 329.73 करोड़ रुपये का कारोबार किया।

More Stories
अस्पताल से डिस्चार्ज हुए राजेश शर्मा, हेल्थ अपडेट आया सामने; जल्द करेंगे काम पर वापसी?
सोनम वांगचुक को अस्पताल ले गई पुलिस, ऋतिक रोशन ने सोशल मीडिया पर किया समर्थन
प्रियंका चोपड़ा का नया अवतार वायरल, राजामौली की फिल्म से सामने आया शानदार लुक