भोपाल : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश संजीव कुमार झा ने सोमवार को निर्वाचन सदन भोपाल में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा उपनिर्वाचन 22 दतिया के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दतिया विधानसभा उप निर्वाचन के संबंध में आयोग द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है। 6 जुलाई को गजट नोटिफिकेशन जारी हो गया है। 13 जुलाई नाम निर्देशन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि रहेगी। 14 जुलाई को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। 16 जुलाई को नाम निर्देशन पत्र की वापसी की तारीख है। 30 जुलाई को मतदान और 3 अगस्त को मतगणना होगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झा ने कहा कि विधानसभा निर्वाचन 22 दतिया में वर्तमान में 2 लाख 20 हजार 371 मतदाता हैं। इसमें पुरुष मतदाता 1 लाख 16 हजार 101, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 4 हजार 260 हैं। मतदान केंद्रों की संख्या 291 हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झा ने बताया कि 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान 257 मतदान केंद्र थे। इस बीच विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान 34 नए मतदान केंद्र बनाएं गए हैं। इस तरह से कुल मतदान केंद्रों की संख्या 291 हैं। बैठक में उन्होंने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि आदर्श आचार संहिता का पूरी तरह से पालन करें और नाम निर्देशन पत्र भरते समय अभ्यर्थियों पर दर्ज आपराधिक प्रकरण की जानकारी अनिवार्य रूप से दें।
बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रामप्रताप सिंह जादौन, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजय श्रीवास्तव, राजेश यादव सहित भारतीय जनता पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

More Stories
सभी अधिकारी निर्वाचन नियमों का अच्छी तरह से कर लें अध्ययन, उसी के अनुरूप करें कार्य
राज्य सरकार इसी माह समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में है अग्रसर : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मध्यप्रदेश के मछली उत्पादन को मिली अंतर्राष्ट्रीय पहचान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव