आईपीएल 2027 के सीजन की शुरुआत में अभी काफी समय शेष है, लेकिन फ्रेंचाइजी टीमों ने अभी से अपनी गोटियां बिछाना और रणनीतियां बनाना शुरू कर दिया है। मुंबई इंडियंस में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की घर वापसी उम्मीद के मुताबिक अच्छी नहीं रही है। जब से वे दोबारा टीम के साथ जुड़े हैं, तब से उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन और टीम के नतीजों, दोनों में गिरावट देखी गई है। अब क्रिकेट गलियारों से यह बड़ी खबर आ रही है कि हार्दिक मुंबई फ्रेंचाइजी से अपना नाता तोड़ सकते हैं, और इस रेस में उन्हें दो बड़ी टीमों से प्रस्ताव भी मिल चुके हैं।
केकेआर की मुंबई मैनेजमेंट के साथ बातचीत जारी
शाहरुख खान के मालिकाना हक वाली कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और राजस्थान रॉयल्स ने हार्दिक को अपनी टीम में शामिल करने की इच्छा जताई है। अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, नाइट राइडर्स के आला अधिकारियों और मुंबई इंडियंस के मालिकों के बीच 'प्लेयर स्वैपिंग' (खिलाड़ियों की अदला-बदली) को लेकर कई दौर की चर्चा हो चुकी है। सूत्र ने बताया कि अजिंक्य रहाणे कोलकाता के लिए सिर्फ एक अस्थाई विकल्प थे और इस सीजन के बाद उनका रिलीज होना लगभग तय है। केकेआर मैनेजमेंट ने पिछले सीजन के अंत में भी मुंबई से संपर्क किया था, लेकिन तब रिलायंस की एजीएम (वार्षिक आम बैठक) के चलते इस पर बात आगे नहीं बढ़ सकी थी। अब दोनों फ्रेंचाइजी के बीच दोबारा सक्रिय बातचीत शुरू हो गई है।
अगर हार्दिक कैश डील या खिलाड़ियों की अदला-बदली के तहत कोलकाता जाते हैं, तो उन्हें टीम की कमान सौंपी जा सकती है, क्योंकि कप्तानी के लिए रिंकू सिंह अभी पूरी तरह तैयार नजर नहीं आ रहे हैं।
ट्रेडिंग को लेकर क्या हैं आईपीएल के नियम?
-
आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के नियमों के मुताबिक, कोई भी खिलाड़ी सीधे तौर पर किसी दूसरी फ्रेंचाइजी से व्यक्तिगत बातचीत या सौदेबाजी नहीं कर सकता।
-
खिलाड़ियों के ट्रांसफर या ट्रेड को लेकर आधिकारिक बातचीत सिर्फ दोनों संबंधित फ्रेंचाइजी के बीच ही संभव है।
-
यह भी स्पष्ट है कि किसी भी खिलाड़ी का ट्रेड उसकी खुद की लिखित सहमति के बिना नहीं किया जा सकता।
-
यदि खिलाड़ी टीम बदलने के लिए राजी नहीं होता, तो फ्रेंचाइजी के पास उसे रिलीज कर दोबारा मेगा ऑक्शन (नीलामी) में भेजने का ही विकल्प बचता है।
राजस्थान रॉयल्स की तरफ से भी मिला बड़ा प्रस्ताव
मुंबई को दूसरा ऑफर राजस्थान रॉयल्स की तरफ से यशस्वी जायसवाल और हार्दिक पांड्या के बीच अदला-बदली के रूप में मिला है। हालांकि, यह बातचीत किस स्तर तक पहुँची है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। रॉयल्स की टीम गुवाहाटी (असम) के युवा स्टार रियान पराग को भविष्य के दीर्घकालिक कप्तान के रूप में तैयार कर रही है, इसलिए हार्दिक को वहाँ लीडरशिप की भूमिका मिलना मुश्किल लग रहा है। ऐसे में कप्तानी और सहूलियत के लिहाज से राजस्थान के मुकाबले कोलकाता की टीम हार्दिक के लिए ज्यादा बेहतर विकल्प साबित हो सकती है।

More Stories
ICC Rankings में भारतीय सितारे का दम, शुभमन गिल ने मचाया धमाल
करीना की चुनौती पर बुमराह का दमदार जवाब, बोले- मुझे बिल्कुल शक नहीं
महिला टी20 विश्व कप में बड़ा उलटफेर टला, न्यूजीलैंड ने बनाए रखी चुनौती