नई दिल्ली | मालवीय नगर के एक होटल में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल के एक रसोइए (कुक) को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 65 वर्षीय केशव नेगी के रूप में हुई है, जो दिलशाद गार्डन का रहने वाला है और बी एंड बी होटल में शेफ था। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आग भड़कती देख आरोपी मौका-ए-वारदात से भाग निकला था। इस मामले में एक अन्य संदिग्ध को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
घायलों की स्थिति में सुधार और उपचार
इस दर्दनाक हादसे में झुलसे लोगों का साकेत के मैक्स अस्पताल में इलाज चल रहा है और फिलहाल सभी की हालत स्थिर बनी हुई है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, कुल 15 मरीज उपचाराधीन हैं, जिनमें 13 विदेशी नागरिक शामिल हैं। इनमें से छह मरीज वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं, लेकिन उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। बाकी नौ मरीज आईसीयू और सामान्य वार्डों में डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में हैं। इससे पहले, दो विदेशी नागरिकों को स्थिति बेहतर होने पर अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।
होटल सील और अवैध निर्माणों पर बुलडोजर
अग्निकांड की इस भयावह घटना के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने कड़ा रुख अपनाते हुए अवैध निर्माणों और नियमों का उल्लंघन करने वाली संपत्तियों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया है। प्रशासन ने कार्रवाई के पहले ही दिन हादसे से जुड़े 'फ्लोरिश स्टे होटल' को पूरी तरह सील कर दिया। इसके अलावा, हौज रानी, सैदुल्लाजाब, खिड़की एक्सटेंशन और सैनिक फार्म जैसे इलाकों में पुलिस बल के साथ मिलकर 60 से अधिक संपत्तियों पर सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई, जिसमें 12 से अधिक अवैध गेस्ट हाउस शामिल हैं।
लाइसेंस नियमों के उल्लंघन पर रोहिणी में कार्रवाई
मालवीय नगर हादसे से सबक लेते हुए एमसीडी के जनस्वास्थ्य विभाग और आबकारी विभाग ने संयुक्त रूप से रोहिणी सेक्टर-3 में बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान तीन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बिना किसी वैध अनुमति और सुरक्षा मानकों के कैबरे गतिविधियां संचालित होती पाई गईं। नियमों और लाइसेंस की शर्तों का सरेआम उल्लंघन मिलने पर टीम ने इन तीनों जगहों को तुरंत सील कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि राजधानी के सभी होटलों, रेस्तरां और बार में सुरक्षा पैमानों की जांच का यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

More Stories
अमृतसर में हाई अलर्ट के बीच बरसी कार्यक्रम संपन्न: जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह ने कौम के नाम संदेश में एकजुटता की अपील की
स्टेशन पर जोरदार धमाका: कटरा जा रही ट्रेन का स्लीपर कोच दो भागों में टूटा, टॉयलेट के उड़े परखच्चे
गर्मी से मिलेगी राहत: जून मध्य से शुरू होंगी प्री-मानसून गतिविधियां, पंजाब में इस तारीख को मानसून की दस्तक