मुरादाबाद: मझोला थाना क्षेत्र की लाइनपार पुलिस चौकी के ठीक सामने पीएसी के सेवानिवृत्त दरोगा के बेटे विवेक कुमार उर्फ सोनू पर जानलेवा हमला करने वाले शातिर अपराधी मनीष को पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी द्वारा इस आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
नारियल कारोबार के विवाद में हुई थी फायरिंग
सिविल लाइंस के कांशीराम नगर (मऊ) निवासी रिटायर्ड दरोगा धनीराम ने मझोला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। घटना के मुताबिक, सोमवार को उनके बेटे विवेक उर्फ सोनू के दोस्त आर्यन चौधरी का बुद्धि विहार गोल चक्कर पर नारियल के धंधे को लेकर जीशान नाम के व्यक्ति से विवाद हो गया था। सोमवार की रात दोनों पक्ष इसी मामले का समझौता करने के लिए लाइनपार चौकी गए थे।
चौकी से समझौता कर जैसे ही विवेक, आर्यन और उनके अन्य साथी रात करीब पौने नौ बजे बाहर निकले, तभी पहले से घात लगाए बैठे बैंक कॉलोनी निवासी वरुण ठाकुर, दीपक, अंकित, मनीष, संतोष और अमन ठाकुर ने उन्हें घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में विवेक के कंधे में गोली लगी थी, जिसके बाद आरोपी दिल्ली रोड की तरफ फरार हो गए थे।
नया मुरादाबाद में हुई पुलिस से मुठभेड़
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। बृहस्पतिवार की रात पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि 25 हजार का इनामी बदमाश मनीष नया मुरादाबाद इलाके में छिपा हुआ है।
सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की, तो खुद को घिरा देख आरोपी मनीष ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें अमरोहा के डिडौली थाना क्षेत्र (टोडी वाजिदपुर) के रहने वाले मनीष के पैर में गोली लग गई और वह जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

More Stories
राजस्थान में बदले बीजेपी के सुर: कोर एजेंडे को छोड़ अब सोशल इंजीनियरिंग और जातीय क्षत्रपों को साधने पर जोर
साढौरा विधानसभा में बड़ी सियासी हलचल: कांग्रेस की निलंबित विधायक रेनू बाला के पति आज थामेंगे भाजपा का दामन
जींद के चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (CRSU) में डॉ. रामपाल सैनी का भव्य स्वागत: काफिले के साथ संभाला स्थायी कुलपति का कार्यभार