नई दिल्ली
भारतीय टीम के लिए इंग्लैंड के खिलाफ जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में समस्या कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। विराट कोहली निजी कारणों की वजह से पहले दो मैचों से बाहर थे। मोहम्मद शमी पहले से ही चोटिल थे और पहले मैच के बाद रविंद्र जडेजा और केएल राहुल इंजर्ड होकर दूसरे मैच से बाहर हो गए हैं। अब खबर है कि रविंद्र जडेजा शायद तीसरे टेस्ट मैच तक भी फिट नहीं हो पाएंगे। इसके अलावा विराट कोहली पर भी अपडेट आया है।
सीरीज का पहला मैच हार चुकी भारतीय टीम को वाइजैग में वापसी करने पड़ेगी, क्योंकि दूसरा टेस्ट हारने के बाद वापसी करना टीम के लिए कठिन हो जाएगा। क्रिकबज की रिपोर्ट की मानें तो रविंद्र जडेजा को हैमस्ट्रिंग इंजरी में उबरने में समय लगेगा और इस वजह से वे तीसरे टेस्ट से भी बाहर हो सकते हैं। आमतौर पर इस तरह की चोट को ठीक होने में चार से 8 सप्ताह का समय लगता है और तीसरे मैच तक लगभग तीन सप्ताह ही जडेजा की चोट को होंगे।
वास्तव में अंदरूनी सूत्रों का तो यह भी कहना है कि यदि वह 23 से 27 फरवरी तक रांची में होने वाले चौथे टेस्ट के लिए फिट हो जाते हैं, यह बड़ी अच्छी बात होगी। बीसीसीआई की हालिया मीडिया रिलीज में उनके सिर्फ दूसरे टेस्ट मैच से बाहर होने की बात कही गई थी। जडेजा के अलावा मोहम्मद शमी की चोट भी अभी अच्छी नहीं है। वे एंकल इश्यू से परेशान हैं। वे लंदन में हैं और उनकी सर्जरी पर अभी कोई अपडेट नहीं आया है तो उनका इस सीरीज में खेलना संदिग्ध है।
जहां तक विराट कोहली की बात है तो हर तरफ चुप्पी छाई हुई है और बीसीसीआई ने खुद गोपनीयता का अनुरोध किया है। क्रिकबज ने भी विराट की अनुपस्थिति के कारणों पर गौर करने से बचना जरूरी समझा, लेकिन यह बताया कि स्टार बल्लेबाज फिलहाल देश से बाहर है, जिससे शेष मैचों के लिए उनकी उपलब्धता पर सवालिया निशान लग गया है। हालांकि, बीसीसीआई ने शुरू में घोषणा की थी कि उनका बाहर होना केवल पहले दो टेस्ट के लिए था।
केएल राहुल की चोट अन्य खिलाड़ियों की तरह चिंताजनक नहीं है और संकेत हैं कि वह 15 फरवरी से शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट के लिए तैयार हो सकते हैं। बीसीसीआई के अनुसार राहुल ने 2022 में हुई जांघ की सर्जरी से संबंधित दाहिने क्वाड्रिसेप्स में दर्द की शिकायत की थी। समझा जाता है कि बीसीसीआई ने यह देखते हुए सावधानी बरती है कि वह टीम में प्रमुख बल्लेबाजों में से एक हैं। वह वर्तमान में जडेजा की तरह ही राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में हैं। दूसरे और तीसरे टेस्ट के बीच पर्याप्त अंतर को देखते हुए विश्वास यह है कि राहुल तीसरे टेस्ट के लिए समय पर ठीक हो जाएंगे।

More Stories
Jonny Bairstow: इंग्लैंड लायंस नहीं, परिवार के साथ दुबई में फंसे बेयरस्टो? सुरक्षा को लेकर जताई चिंता, जानें
T20 WC Knockout Stats: टी20 विश्वकप के नॉकआउट में किसके नाम सर्वाधिक रन-विकेट, किसने लगाए सबसे ज्यादा छक्के?
The Hundred: नीलामी में 14 पाकिस्तानी खिलाड़ी शामिल, क्या भारतीय फ्रेंचाइजी लगाएंगी बोली या फिर होगी किरकिरी?