जबलपुर
अयोध्या में होने जा रही श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के शुभ अवसर का साक्षी बनने महाकोशल बेताब है। अंचल के हर शहर, कस्बे और गांव राम भक्ति रस से रसस्रात है। सभी आठों जिलों में राम भक्ति के नयनाभिराम नजारे दिख रहे हैं। महाकोशल की धरती से 149 आमंत्रितजन अयोध्या रवाना हुए हैं। साध्वी ज्ञानेश्वरी, स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरी, स्वामी नरसिंहदास सहित अन्य प्रबुद्धजन अयोध्या रवाना हो गए हैं।
संत-महात्माओं के अलावा जनजातीय वर्ग की चयनित हस्तियां भी अयोध्या गर्इं हैं। जो प्रमुख नहीं गए हैं, वे यहीं रामजी की याद में आयोजन कर रहे हैं। जबलपुर के अलावा छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, मंडला, कटनी, सिवनी जैसे शहरों में कल के आयोजन की जोरदार तैयारियां हो रहीं हैं। नरसिंपुर से रामभक्त युवाओं का समूह साइकल से अयोध्या रवाना गया है। बीते चार दिन से शहर-गांव हर जगह अनवरत राम रस वर्षा हो रही है। जगह-जगह धर्म आयोजन हो रहे हैं। महाकोशल में सैकड़ों साल से रामलीला कर रहीं समितियों के आयोजन चर्चा का विषय बने हुए हैं।
यहां नर्मदा तट ग्वारीघाट में आज शाम विराट दीपोत्सव की तैयारी है। धर्मजगत के अलावा राजनीतिक जगत में भी आयोजन को लेकर उत्साह है। प्रदेश सरकार में मंत्री राकेश सिंह स्वयं इस आयोजन पर नजर रख रहे हैं। यहां 51 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। उत्तर क्षेत्र के विधायक अभिलाष पांडे श्रीराम नाम की मानव श्रृंखला बनवा रहे हैं। वहीं कांग्रेस नेता राम मंदिर का ताला खुलवाने वाले राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद हनुमत मंदिरों में कीर्तन करेंगे। 22 जनवरी की शुभ घड़ी का इंतजार मानो संस्कारधानी की फिजाएं जन्मों से कर रहीं थीं। हर व्यक्ति इस आनंद की गंगा में डूबना चाह रहा है। तमाम धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला शुरू हो गई है।

More Stories
उज्जैन की कांता गोयल ने मां की ममता से संवार दिए 100 बच्चों के सपने
मध्य प्रदेश में वन मंजूरी में देरी से 48 सड़क परियोजनाएं अटकीं, CAG रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
इज़रायल में रह रहे रीवा के युवक ने सुनाई आपबीती, ‘हर बिल्डिंग में बंकर, 15 मिनट पहले आता है अलर्ट’