अभिभाषण पर हंगामा: बोलने का मौका न मिलने पर कांग्रेस का वॉकआउट

चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही शुरू हो गई है। नेता प्रतिपक्ष प्रताप बाजवा ने पंजाब विधानसभा सत्र के दौरान उनका प्रश्न शामिल न करने पर सवाल उठाए हैं। बाजवा ने कहा कि मेरा सवाल कृषि नीति को लेकर था। पहले सवाल का नंबर कुछ और था लेकिन बाद में इसमें बदलाव कर दिया गया और प्रश्नकाल को खत्म कर दिया है। मंत्री कृषि नीति पर जवाब नहीं देना चाहते थे जिस कारण ही ऐसा किया गया हैं। बाजवा ने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए। यह गलत प्रथा अपनाई जा रही है। कांग्रेस के नेताओं ने नारेबाजी करते हुए सदन से वाॅकआउट कर दिया। कांग्रेस विधायकों ने नारेबाजी की और आरोप लगाया कि उन्हें राज्यपाल के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलने का समय नहीं दिया जा रहा है। वित्तमंत्री हरपाल चीमा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि आज राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान भी वाकआउट कर दिया। कांग्रेस विधायकों को जवाब सुनने से भागना है। सीएम मान और अन्य विधायकों की तरफ से अपनी बात रखी जानी है जिसे कांग्रेस विधायक सुनना नहीं चाहते थे। सरकार के कार्यों से वे घबरा गए हैं। लोगों ने चुनकर भेजा है लेकिन वह अपना पक्ष तक रखना जरूरी नहीं समझते हैं। चीमा ने कहा कि हमारी सरकार ने पांच गारंटियों को चार साल के अंदर पूरा कर दिया है। टोल प्लाजा बंद करवा दिया और अब महिलाओं को 1000 से 1500 महीना देने की गारंटी पूरी कर दी है। कांग्रेस वॉकआउट करने वाली पार्टी बन गई है।