February 15, 2026

बजट से मिलेगी प्रदेश के समग्र विकास को गति-मंत्री

जयपुर । राज्य बजट 2026-27 को लेकर राजस्व मंत्री हेमंत मीणा द्वारा जिला कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। मंत्री हेमंत मीणा ने राज्य बजट में प्रदेश एवं जिले को दी गई सौगातों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार राजस्थान को विकसित राज्य बनाने के लिए संकल्पबद्ध है।
उन्होंने बताया कि बजट 2026-27 राजस्थान के समग्र एवं सतत विकास को सुनिश्चित करेगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के विकसित भारतञ्च2047 के विजन को आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि यह बजट 8 करोड़ प्रदेशवासियों के प्रति हमारे कर्तव्यों का दस्तावेज है। बजट 2026-27 महिला, युवा, मजदूर, वंचित, किसान सहित सभी वर्गों के कल्याण को समर्पित है।बजट में आधारभूत संरचना का सुदृढ़ीकरण, बिजली, पानी, शिक्षा, चिकित्सा जैसे बुनियादी क्षेत्रों में सुविधाओं और सेवाओं के प्रावधान किए गए हैं। जिससे राजस्थान विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026-27 के बजट का आकार 6 लाख 10 हजार 956 करोड़ रुपये है, जो वर्ष 2023-24 के बजट की तुलना में 41 प्रतिशत अधिक है। बजट 2026-27 अवसंरचना का विस्तार, नागरिक सुविधाओं से गुणवत्तायुक्त जीवन स्तर में वृद्धि, औद्योगिक विकास एवं निवेश को प्रोत्साहन, मानव संसाधन का सशक्तीकरण, सुदृढ़ सामाजिक सुरक्षा प्रणाली, पर्यटन, कला एवं सांस्कृतिक धरोहर, सुशासन एवं डिजिटल परिवर्तन, कृषि विकास एवं किसानों का कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी, हरित विकास एवं पर्यावरणीय सततता और 2047 तक 4.3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के मजबूत स्तम्भों पर आधारित है। बजट के अनुसार राज्य की राज्य सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) 21 लाख 52 हजार 100 करोड़ रुपये होना संभावित है, जो 2023-24 से लगभग 41 प्रतिशत अधिक है। इसी के साथ ही प्रतिव्यक्ति आय पहली बार 2 लाख 2 हजार से अधिक होना संभावित है, जो 2023-24 से 21.15 प्रतिशत अधिक है। इस बजट में इन्फ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट के लिए पूंजीगत व्यय 53 हजार 978 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जो 2023-24 से 2 गुना से अधिक है।