जयपुर। संसदीय कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल ने सोमवार को जोधपुर जिले की ग्राम पंचायत उत्तेसर में 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली आयुष डिस्पेंसरी का भूमि पूजन कर विधिवत शिलान्यास किया।श्री पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार सबके के लिए सुलभ स्वास्थ्य के लक्ष्य के साथ राजस्थान को ‘हेल्थ डेस्टिनेशन’ बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। 1 अप्रैल, 2025 से आयुष्मान आरोग्य योजना में आयुष चिकित्सा के 20 पैकेज जोड़े गये। राज्य सरकार आयुष नीति के माध्यम से औषधीय पौधों की खेती और आयुर्वेदिक रिसर्च के लिए नए द्वार खोल रही है।
स्वास्थ्य के लिए 32 हजार 526 करोड़ रूपये का बजट—
श्री पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा वर्ष 2026-27 के बजट में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के लिए 32 हजार 526 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है, जो 2023-24 के बजट से 53 प्रतिशत अधिक है।
आमजन को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण प्राकृतिक चिकित्सा—
श्री पटेल ने आयुष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह प्राचीन चिकित्सा पद्धति न केवल रोगों का उपचार करती है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दिशा में भी मार्गदर्शन करती है। उन्होंने कहा इस औषधालय के निर्माण से स्थानीय निवासियों को घर के पास ही सुलभ और गुणवत्तापूर्ण प्राकृतिक चिकित्सा मिल सकेगी। उन्होंने कहा आयुर्वेद हॉलिस्टिक हेल्थ का मार्ग है।
बेहतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश—
संसदीय कार्य मंत्री ने कार्यकारी एजेंसी राजस्थान कृषि विपणन बोर्ड के अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि के भीतर पूर्ण करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा क्षेत्र के समग्र और सर्वस्पर्शी विकास में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।

More Stories
राजस्थान बार काउंसिल चुनाव के संबंध में उच्च स्तरीय निर्वाचन समिति की बैठक आयोजित
मध्य-पूर्व तनाव का असर, राजस्थान का व्यापार प्रभावित
बीसलपुर-जयपुर पेयजल परियोजनाः रखरखाव कार्य निर्धारित समय से पहले पूर्ण