जयपुर|राजस्थान में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए प्रदेश को कड़ाके की सर्दी की चपेट में ले लिया है। आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के बाद तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। हिल स्टेशन माउंट आबू में शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान माइनस 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। शनिवार सुबह माउंट आबू में जगह-जगह बर्फ की मोटी परत जमी नजर आई, जिससे जनजीवन पूरी तरह ठिठुर गया।माउंट आबू के साथ ही शेखावाटी अंचल में भी सर्दी का असर साफ दिखाई दिया। सीकर जिले में खेतों में बर्फ जमने की खबरें सामने आई हैं। मौसम में आए इस बड़े बदलाव के कारण राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में दिन के तापमान में एक ही दिन में करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
कई जिलों में बर्फीली हवाएं, पारा लुढ़का
जयपुर, दौसा, अलवर, सीकर, भरतपुर, बीकानेर सहित कई जिलों में शनिवार सुबह से ही बर्फीली हवाएं चल रही हैं। ठंडी हवा के कारण दिन में भी लोगों को गर्म कपड़ों के बावजूद ठिठुरन का अहसास हुआ। पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों तक पहुंचा है, जिससे रात और दिन दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के 10 से अधिक जिलों में बारिश हुई, जबकि कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। इसका सीधा असर तापमान पर पड़ा और सर्दी और ज्यादा तेज हो गई।
15 शहरों में दिन का तापमान 20 डिग्री से नीचे
बारिश और बादलों के कारण सूरज की तपिश कमजोर रही। शुक्रवार को जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर समेत प्रदेश के 15 शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। सिरोही में शुक्रवार दिन के समय सबसे अधिक सर्दी महसूस की गई, जहां अधिकतम तापमान केवल 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा।राज्य के बॉर्डर एरिया वाले जिलों और शेखावाटी क्षेत्र में तापमान में गिरावट का असर सबसे ज्यादा देखा गया। माउंट आबू में तो हालात इतने सख्त रहे कि खुले स्थानों और वाहनों पर भी बर्फ जम गई।
राजस्थान में ओलावृष्टि-आंधी और तेज बारिश, जयपुर में सीजन की पहली मावठ
फसलों को नुकसान की आशंका
अचानक बढ़ी सर्दी और बर्फ जमने से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। खेतों में जमी बर्फ और पाले के कारण रबी की फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। खासकर सरसों, चना और सब्जियों की फसलें प्रभावित हो सकती हैं। कई इलाकों में किसान फसलों को बचाने के लिए अलाव और धुएं का सहारा लेते नजर आए।
आंधी-बारिश और कोहरे का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार 24 और 25 जनवरी को प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क और साफ रहने की संभावना है। हालांकि, 26 और 27 जनवरी को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकता है। इसके असर से राजस्थान के कई हिस्सों में एक बार फिर आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।इसके साथ ही मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी दिनों में कई इलाकों में घना कोहरा भी छा सकता है। सुबह और देर रात के समय दृश्यता कम रहने की आशंका है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
सर्द हवाओं ने बढ़ाई परेशानी
शुक्रवार तड़के से जयपुर, सीकर, अजमेर, भरतपुर, अलवर, दौसा, नागौर सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। बारिश के बाद दिनभर हल्के बादल और धुंध छाई रही। दोपहर बाद सर्द हवाओं की रफ्तार बढ़ गई, जिससे शाम और रात के समय ठंड और ज्यादा बढ़ गई।मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि अत्यधिक ठंड और कोहरे को देखते हुए सावधानी बरतें, बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें। प्रदेश में फिलहाल कड़ाके की सर्दी का दौर जारी रहने के आसार हैं।

More Stories
अनफिट व बिना नंबर प्लेट बसों पर कसा सख्त शिकंजा
मुख्यमंत्री ने अल्बर्ट हॉल पर श्रमदान कर स्वच्छता का दिया संदेश
समृद्धि यात्रा के दौरान सहरसा और खगड़िया में सड़क, पुल, बाढ़ सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण पर जोर- डॉ.अनुप्रिया यादव