आजकल नेल एक्सटेंशन और एक्रिलिक नेल्स का ट्रेंड काफी तेजी से बढ़ रहा है. लंबे, चमकदार और स्टाइलिश नाखून कई लोगों को बेहद सुंदर लगते हैं. लेकिन एक्सपर्ट का मानना है कि इनका बार-बार इस्तेमाल त्वचा और नाखूनों के लिए नुकसानदेह भी हो सकता है. खासकर इन्हें लगाने की प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली यूवी लाइट और कुछ केमिकल हेल्थ से जुड़ी चिंताओं को बढ़ा सकते हैं |
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
ऑन्कोलॉजी सर्जन डॉ. जय आर अनाम ने HT के साथ इंटरव्यू के दौरान बताया कि एक्रिलिक नेल्स भले ही सुंदर और लंबे समय तक टिकने वाले लगते हों, लेकिन इनके इस्तेमाल से जुड़े कुछ छिपे हुए जोखिम भी होते हैं. उनका कहना है कि समस्या सीधे एक्रिलिक नेल्स से नहीं, बल्कि उन्हें लगाने की प्रक्रिया से जुड़ी होती है. इस प्रक्रिया में एक खास पाउडर और लिक्विड पदार्थ को मिलाकर नाखूनों पर लगाया जाता है, जिसे बाद में यूवी लैंप के नीचे सख्त किया जाता है. यही यूवी लाइट चिंता का कारण बन सकती है. एक्सपर्ट के मुताबिक यूवीए किरणें त्वचा की सेल्स के डीएनए को नुकसान पहुंचा सकती हैं. समय के साथ यह नुकसान बढ़ता जाता है और लंबे समय तक बार-बार एक्सपोजर होने पर त्वचा से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है. डॉक्टरों का कहना है कि कभी-कभार नेल एक्सटेंशन करवाना ज्यादा खतरनाक नहीं माना जाता, लेकिन यदि कोई व्यक्ति लगातार लंबे समय तक यह प्रक्रिया करवाता है तो जोखिम धीरे-धीरे बढ़ सकता है.
स्किन पर भी प्रभाव
कुछ रिसर्च में यह भी बताया गया है कि यूवी लैंप के नीचे सैकड़ों बार हाथ रखने से त्वचा पर निगेटिव प्रभाव पड़ सकता है. इसके अलावा कई एक्रिलिक उत्पादों में फॉर्मल्डिहाइड और टोल्यून जैसे केमिकल भी पाए जाते हैं, जो त्वचा में जलन या एलर्जी पैदा कर सकते हैं. जब ये रसायन और यूवी किरणें एक साथ प्रभाव डालते हैं तो त्वचा पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है.हालांकि एक्सपर्ट यह भी मानते हैं कि थोड़ी सावधानी बरतकर जोखिम को कम किया जा सकता है. नेल एक्सटेंशन करवाने से पहले उंगलियों पर सनस्क्रीन लगाना एक अच्छा उपाय माना जाता है. इसके अलावा पारंपरिक यूवी लैंप की जगह एलईडी लैंप का इस्तेमाल अपेक्षाकृत सुरक्षित माना जाता है, क्योंकि इसमें अल्ट्रावायलेट किरणें कम होती हैं |
किन बातों का रखना चाहिए ध्यान?
डॉक्टर यह भी सलाह देते हैं कि नेल एक्सटेंशन को रोजमर्रा की आदत बनाने के बजाय खास मौकों तक ही सीमित रखना बेहतर है. इसके साथ ही हमेशा विश्वसनीय सैलून में ही यह प्रक्रिया करवानी चाहिए. एक और आम गलती जो लोग करते हैं, वह है घर पर ही एक्रिलिक नेल्स हटाने की कोशिश करना. इससे त्वचा और नाखूनों को नुकसान हो सकता है, इसलिए इन्हें हटाने के लिए एक्सपर्ट की मदद लेना ही सुरक्षित तरीका माना जाता है |

More Stories
क्या रेडिएशन से बचा सकती है कोई दवा? जानें परमाणु हमले में इलाज कितना कारगर
आंखों का रंग बदलना दे सकता है लिवर कैंसर की चेतावनी
पैरों से भी मिलते हैं डायबिटीज के संकेत, इन लक्षणों को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी