कितनी बार भारतीय बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट? फाइनल में किन देशों का रहा दबदबा

भारत की ऐतिहासिक जीत के साथ टी20 विश्व कप 2026 का समापन हो गया। टीम इंडिया ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया। आईसीसी टी20 विश्वकप की शुरुआत साल 2007 में हुई थी। पहला संस्करण दक्षिण अफ्रीका में खेला गया था। तब से अब तक 10 संस्करण हो चुके हैं।देखते ही देखते यह टूर्नामेंट क्रिकेट की दुनिया का सबसे रोमांचक और लोकप्रिय फॉर्मेट बन गया। छोटे ओवर, तेज रफ्तार और हर गेंद पर बदलता मैच का रुख, यही टी20 की पहचान है। भारत उन चुनिंदा टीमों में शामिल रहा है, जिसने इस फॉर्मेट में न सिर्फ खिताब जीते बल्कि व्यक्तिगत उपलब्धियों में भी गहरी छाप छोड़ी।

भारत ने तीन बार जीते खिताब

भारत ने अब तक 2007 और 2024 और 2026 में, यानी तीन बार टी20 विश्वकप का खिताब अपने नाम किया है। 2024 में वेस्टइंडीज में खेले गए फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को सात रन से हराकर भारत ने 11 साल का आईसीसी ट्रॉफी सूखा भी खत्म किया था। भारत के अलावा वेस्टइंडीज और इंग्लैंड ने भी दो-दो बार खिताब अपने नाम किया है।

कितनी बार भारतीय बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट?

टी20 विश्वकप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंटका अवॉर्ड पूरे टूर्नामेंट में सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को दिया जाता है। इस मामले में भारतीय खिलाड़ी सबसे आगे रहे हैं। अब तक चार बार भारतीय खिलाड़ियों ने यह प्रतिष्ठित खिताब जीता है। टी20 विश्वकप में वेस्टइंडीज, जिम्बाब्वे, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करने वाले सैमसन ने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट जीता।

विराट कोहली- 2014
विराट कोहली- 2016
जसप्रीत बुमराह- 2024
संजू सैमसन- 2026

विराट कोहली टी20 विश्वकप इतिहास के इकलौते खिलाड़ी हैं जिन्होंने दो बार प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने का गौरव हासिल किया। 2014 में उन्होंने भारत को लगभग अकेले दम पर फाइनल तक पहुंचाया, जबकि 2016 में उनकी कई बेहतरीन पारियों की बदौलत भारत सेमीफाइनल तक पहुंचा था। हालांकि, सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज से हारकर टीम इंडिया बाहर हो गई थी। वहीं 2024 में जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी से पूरे टूर्नामेंट में बल्लेबाजों को नाच नचा दिया।

2007 में इरफान पठान ने की थी घातक गेंदबाजी।

भारत जब-जब टी20 विश्वकप फाइनल में पहुंचा, वहां कुछ खिलाड़ियों ने यादगार प्रदर्शन कर इतिहास रच दिया।  दक्षिण अफ्रीका में खेले गए पहले टी20 विश्वकप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराया। उस मुकाबले में इरफान पठान को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। गेंद से उनका योगदान भारत की जीत की नींव बना। उस मैच में पठान ने नाबाद तीन रन बनाए थे, जबकि गेंद से उन्होंने चार ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट झटके थे। पठान ने शोएब मलिक, शाहिद अफरीदी और यासिर अराफात को आउट किया था।

2024 फाइनल- विराट कोहली और बुमराह का कमाल

2024 के फाइनल में विराट कोहली को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि जसप्रीत बुमराह पूरे टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने। इस तरह भारत के दो सितारों ने खिताबी जीत को ऐतिहासिक बना दिया। कोहली ने फाइनल में 59 गेंद में 76 रन की पारी खेली थी। वहीं, बुमराह ने अकेले दम पर मैच पलट दिया था। उन्होंने चार ओवर में 18 रन देकर दो विकेट झटके थे।

2026 फाइनल: बुमराह चार विकेट लेकर बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

जसप्रीत बुमराह ने मैच के बाद पत्नी संजना गणेशन और मां दलजीत बुमराह के साथ जीत का जश्न मनाया। बुमराह इस विश्वकप अभियान में भारत के प्रमुख शस्त्र रहे। उन्होंने सेमीफाइनल में एकतरफा गेंदबाजी की। वहीं, फाइनल में चार विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द फाइनल बने। सूर्यकुमार ने कोहली की बात दोहराई और बुमराह को राष्ट्रीय धरोहर बताया है।