लुधियाना। मथुरा में नाव हादसे में मारे गए पांच लोगों के शव जगरांव लाए गए हैं। हादसे में जगरांव के ईशान कटारिया, कपूर काॅलोनी कच्चा मलक रोड, मधुर बहल व मां कविता रानी, गीता काॅलोनी, चरनजीत सिंह काला और उनकी पत्नी शामिल हैं। मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है। वहीं नाव हादसे में डूबने से लुधियाना की मीनू की माैत हुई थी। आज उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दाैरान धार्मिक, सामाजिक संगठनों के लोग माैजूद रहे। सभी ने नम आंखों से मीनू को अंतिम विदाई दी।
गुरुवार शाम को रवाना हुए थे 120 लोेग
श्री बांके बिहारी क्लब द्वारा हर माह की तरह वीरवार शाम को डिस्पोजल रोड से वृंदावन के लिए रवाना हुई दो लग्जरी बसों में कुल 120 लोग सवार थे जो शुक्रवार सुबह 10 बजे सकुशल वृंदावन पहचे।
इस दौरान ज्यादातर श्रद्धालु धर्मशाला में ही आराम करने अपने-अपने कमरों में रुक गए जबकि वहां से 30 के करीब श्रद्धालु बांके बिहारी मंदिर में माथा टेकने के बाद यमुना नदी में चले गए। इस दौरान उनकी स्टीमर नाव दरिया के अंदर ही बना रहे टेंपरेरी पीपा पुल से टकराने के बाद वहीं यमुना में ही डूब गई। उधर, लुधियाना के डीसी हिमांशु जैन का कहना है कि मथुरा में हुए नाव हादसे में ज्यादातर लोग जगरांव के हैं। इस संबंध में प्रशासन पीड़ितों के परिजनों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम स्थापित कर रहा है। इसके अलावा प्रशासन मथुरा के जिला प्रशासन के साथ संपर्क से हैं। वहां के डीएम से भी बात की गई है। साथ ही प्रशासन पीड़ित परिवारों से संपर्क साधने का प्रयास कर रहे हैं। जिंदा बाहर निकाले गए श्रद्धालुओं में जगरांव के रहने वाले सुनील कुमार की पत्नी, यशु पुत्र रमेश बजाज और लवेश के नाम सामने आए हैं, जिनकी फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं है परंतु उन्हें वहां के रामकृष्ण मिशन अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इसके अलावा मोगा और लुधियाना के दुगरी का एक श्रद्धालु भी अस्पताल में ही है। जानकारी के मुताबिक 9 अप्रैल को जगरांव के श्री बांके बिहारी क्लब की तरफ से दो बसों में पर्यटकों को ले जाया गया था। वृंदावन की 4 दिन की यात्रा थी, जिनका 4500 रुपया किराया लिया गया था। बस में जगरांव के ज्यादातर श्रद्धालु थे इसके अलावा लुधियाना मोगा और मुक्तसर के कुछ लोग भी बसों में सवार थे। इस हादसे की सूचना मिलते ही जगरांव में मातम छा गया। पीड़ित परिवारों के परिजन यह खबर सुनते ही मथुरा के लिए रवाना हो गए।
श्रद्धालुओं में शामिल मल्होत्रा मोबाइल के शोरूम में काम करते श्वेत जैन ने मथुरा से बताया कि यमुना में पीपों का पुल बनाया गया था। जलस्तर बढ़ने के बाद इन्हें खोल दिया गया। इसके बाद यह पुल यमुना में बहने लगे। इनसे टकराकर ही स्टीमर पलटा। श्वेत जैन के मुताबिक हादसा दोपहर करीब 3 बजे केसी घाट पर हुआ जो श्री बांके बिहार मंदिर से ढाई किमी की दूरी पर है। उन्होंने बताया कि जब किश्ती डूबी तो आसपास के किश्ती वालों ने कईयों को बचा कर अपनी किश्ती में बिठा लिया। 6 से 7 लोगों के शव तो वह यहां पर अस्पताल में देख चुके हैं। उन्होंने बताया कि जगरांव के ज्यादातर श्रद्धालु वृंदावन में फोगला आश्रम के पास रुके हैं। श्वेत ने बताया कि नाविक को कहा कि रोक लो। श्वेत जैन के मुताबिक हमारा स्टीमर जब पीपा पुल के पास पहुंचा तो हम लोगों ने नाविक से कहा कि पुल आने वाला है, रोक लीजिए लेकिन उसने नहीं रोका। 2 बार स्टीमर टकराने से बचा। तीसरी बार में टक्कर हो गई। पास में कुछ गोताखोर थे जिन्होंने हमें बचाया है। श्रद्धालुओं के साथ ही वृंदावन गई जगरांव के सीनियर एडवोकेट संदीप गुप्ता की पत्नी सीमा गुप्ता ने बताया कि बताया कि आश्रम में से 120 लोगों में से 25 से 30 लोग ही यमुना देखने और मंदिर में माथा टेकने गए थे जिन में ज्यादातर नौजवान श्रद्धालु ही शामिल थे। उन्होंने कहा कि दोपहर 3:00 बजे हुए हादसे के बाद जैसे ही आश्रम में बैठकर बाकी श्रद्धालुओं को इस बाबत जानकारी मिली तो सभी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
वीडियो भेजकर कहा था सब ठीक है, कुछ देर बाद आई हादसे की खबर
आत्मनगर के दुगरी इलाके में शुक्रवार रात उस वक्त गहरा शोक छा गया, जब वृंदावन में हुए एक दर्दनाक नाव हादसे की खबर यहां पहुंची। हादसे में इस इलाके के अंजू और रिकेश गुलाटी सहित मीनू की मौत हो गई जबकि राजिंदर कौर गंभीर हालत में जिंदगी की जंग लड़ रही हैं। इसके अलावा, इलाके के कुछ लोग अभी तक लापता हैं और उनके परिवारों का तनाव और बढ़ गया है। इस घटना के बाद, विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू ने दुगरी पहुंचकर शोक संतप्त परिवारों के साथ संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सरकार और प्रशासन हर तरह से पीड़ितों के साथ खड़े हैं और सभी आवश्यक मदद दी जाएगी। घटना की खबर सुनते ही गुलाटी परिवार के बेटे और बेटी, जो क्रमशः पूना और बंगलूरू में रहते हैं, लुधियाना के लिए रवाना हो गए। वहीं मीनू के परिजन भी वृंदावन के लिए निकल पड़े। मोहल्ले में चर्चाओं का दौर जारी है, जहां लोग इस हादसे की सच्चाई जानने के लिए बेताब हैं। दुर्घटना के बाद से कई मोबाइल फोन स्विच ऑफ हैं और परिजनों से संपर्क नहीं हो पा रहा। एक रिश्तेदार ने बताया कि हम नहीं जान पा रहे कि हमारे अपने जीवित हैं या नहीं, बस इंतजार कर रहे हैं।
मोहल्ले के लोगों के अनुसार इस इलाके से करीब दस लोग एक साथ वृंदावन गए थे। शुक्रवार को दिन में करीब एक बजे तक सभी ने वीडियो भेजकर अपने सुरक्षित होने की जानकारी दी थी लेकिन इसके कुछ ही समय बाद फोन आया कि नाव हादसा हो गया है। इसके बाद से पूरे इलाके में चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा हुआ है। दुगरी में लोगों का जमावड़ा लगा है लेकिन कोई भी बोलने की स्थिति में नहीं है। हर आंख नम है और हर कोई अपनों की सलामती की दुआ कर रहा है। अंजू और रिकेश गुलाटी को पड़ोसी बेहद मिलनसार बताते हैं। उनके अचानक चले जाने से पूरे मोहल्ले में गहरा शोक है।
मोगा की महिला ने भी गंवाई जान, आज अंतिम संस्कार
वृंदावन में शुक्रवार को हुए नाव हादसे में मोगा के एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जानकारी के अनुसार, जगरांव से मोगा का हंस परिवार अपने रिश्तेदारों के साथ 9 अप्रैल को घूमने के लिए वृंदावन गया हुआ था। 10 अप्रैल को 12 बजे वृंदावन पहुंचे थे बताया जा रहा है कि हादसे के समय परिवार के सदस्य दो अलग-अलग नावों में सवार थे। एक नाव में सपना हंस, रीमा हंस और सरोज रानी सवार थीं, जबकि दूसरी नाव में अनिल हंस और उनकी भतीजी नेहा हंस अन्य लोगों के साथ मौजूद थे। हादसे का शिकार बनी नाव में सवार सपना हंस (50) की मौत हो गई। वहीं रीमा हंस और सरोज रानी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी नाव में सवार अनिल हंस और नेहा हंस पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। परिवार के लिए यह हादसा और भी दर्दनाक इसलिए बन गया क्योंकि 8 अप्रैल को ही सपना हंस और अनिल हंस की शादी की सालगिरह थी, और खुशियों के बीच दो दिन बाद ही यह हादसा हो गया। परिवार के सदस्य डैड बॉडी लेने वृंदावन पहुंचे हैं।
सपना हंस के पड़ोसी जितेंद्र कुमार जोनी ने बताया कि यह परिवार बहुत ही अच्छा और धार्मिक स्वभाव का है। 8 अप्रैल को परिवार के 5 सदस्य जगरांव से वृंदावन बस यात्रा में शामिल हुए थे, जिसमें करीब 130 श्रद्धालु थे। सभी श्रद्धालुओं के साथ यह परिवार भी वृंदावन गया था। वहां शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब नाव पलट गई। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जिनमें मोगा की सपना हंस भी शामिल थीं। हालांकि, परिवार के बाकी 4 सदस्य सुरक्षित हैं। जितेंद्र कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले ही यह परिवार उनके साथ खाटू श्याम जी के दर्शन करने गया था। उन्होंने कहा कि यह परिवार बहुत नेक और मिलनसार है और हर धार्मिक कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता है। मौके पर पहुंचे तहसीलदार लखविंदर सिंह ने बताया कि प्रशासन की ड्यूटी लगाई गई है और सरकार की ओर से परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

More Stories
‘खाली घर, सूने आंगन’ बिहार के गांव से पुरुषों का पलायन, पीछे छूटे महिलाएं और बच्चे
भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई, तीन राजस्व कर्मचारी निलंबित, अंचलाधिकारी पर जांच शुरू
नशे के खिलाफ मुहिम पर उठे गंभीर सवाल, CCTV फुटेज ने खोली पुलिस की पोल