भोपाल : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने झाँसी में एशिया के पहले नेट-ज़ीरो पुस्तकालय का अवलोकन किया। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि यह मॉडल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पर्यावरणीय संतुलन और सतत विकास के विजन का जीवंत उदाहरण है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में वैश्विक स्तर पर अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर, वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों और पर्यावरण-अनुकूल निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। राज्य में सतत औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए ठोस रणनीति पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास शिक्षा, ऊर्जा, आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण को एकीकृत करते हुए विकास को नई दिशा देते हैं।
झांसी पुस्तकालय झांसी विकास प्राधिकरण (उत्तर प्रदेश सरकार) द्वारा निर्मित किया गया है। झाँसी पुस्तकालय को विश्व बैंक की सहयोगी संस्था अंतरराष्ट्रीय वित्त निगम (आईएफसी) द्वारा एशिया का पहला नेट-ज़ीरो पुस्तकालय घोषित किया गया है। इस पुस्तकालय ने शत-प्रतिशत ऊर्जा बचत प्राप्त की है। इसकी सम्पूर्ण ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति स्थानीय नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों जैसे सौर पैनलों और विंड टरबाइन के माध्यम से की जाती है। यह परियोजना भारत के नेट-ज़ीरो लक्ष्य 2070 के अनुरूप भी है।

More Stories
भोपाल नगर निगम कार्यालय में लोकायुक्त का छापा, फर्जी बिल घोटाले की जांच
दिनदहाड़े घर में घुसे बदमाश, इनकम टैक्स अधिकारी बनकर 50 तोला सोना और नकदी लूटी
मंदसौर में दशा माता पूजा के दौरान मधुमक्खियों का हमला, 15 महिलाएं घायल